छात्रों ने स्वरूपधर मनाया दशहरा-रामनवमी

बचपन प्ले स्कूल में राम-सीता के स्वरूप में सजे नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन,छात्रों ने दिया अच्छाई की जीत का संदेश

जसवंतनगर,इटावा।बचपन-प्ले स्कूल जसवंतनगर में दशहरा और रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूप में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे बच्चों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो गया। शिक्षिकाओं ने बच्चों को सरल कहानी-कथन के माध्यम से भगवान राम के जीवन, साहस, माता सीता की शक्ति, लक्ष्मण की निष्ठा और हनुमान जी की भक्ति के बारे में बताया। बच्चों को इन प्रसंगों के माध्यम से अच्छे संस्कार और जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने दशहरा थीम पर रंग भरने, चित्र बनाने और हस्तकला जैसी रचनात्मक गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिक्षिकाओं ने बच्चों को बताया कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और हमें हमेशा सत्य, साहस तथा सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर बचपन प्ले स्कूल जसवंतनगर के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल दीक्षित ने कहा कि त्योहार बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सुंदर माध्यम हैं। कहानी, वेशभूषा और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए बच्चों को त्योहारों का महत्व समझाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को दयालुता, साहस, सम्मान और दूसरों की परवाह जैसे मानवीय मूल्यों को अपनाना चाहिए। उन्होंने सभी नगरवासियों को दशहरा और रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button