बीएलए की मौत पर परिजनों से मिलने पहुँचा सपा प्रतिनिधि मंडल

रायबरेली। ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में सपा बीएलए की शनिवार को हुई मौत पर परिवार को सांत्वना देने के लिए सोमवार को सपा का प्रतिनिधि मंडल पहुँचा और परिवार के साथ दुःख की घड़ी में साथ रहने का आश्वासन दिया। घने कोहरे के बीच सड़क हादसे में बाइक सवार सपा बीएलए की शनिवार को दर्दनाक मौत हो गई थी।
ऊंचाहार थाना क्षेत्र के पूरे ललई मजरे अरखा गाँव निवासी मुलायम यादव 34 वर्ष एनटीपीसी परियोजना के प्लांट परिसर में सुरक्षा विभाग में मजदूरी का कार्य करता था, शनिवार की सुबह वो बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था, तभी लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग पर प्लाई फैक्ट्री के पास घने कोहरे के कारण सामने से आ रही एक निजी बस ने उसे रौंद दिया, आसपास मौजूद लोगों ने आनन फानन उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया।
वे समाजवादी पार्टी के बूथ लेवल एजेंट भी थे। उनकी मौत के बाद सोमवार को परिजनों से मिलने के लिए जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, एसआईआर ऊँचाहार प्रभारी महेश गुप्ता, रोहनिया प्रभारी आरपी राजन, पूर्व प्रधान राम अभिलाश, डा० नरेंद्र यादव, पूर्व प्रधान महेश यादव व पार्टी के अन्य कार्यकर्ता पहुँचे। उन्होंने पूरा आश्वासन दिया कि हर संभव मदद कराई जाएगी। सपा बीएलए मुलायम के पिता जयकरन यादव यूपी पुलिस में होमगार्ड है।



