सपा कार्यालय में गूंजा वीरा पासी का जयघोष

ऊँचाहार, रायबरेली। नगर के बस स्टॉप स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर 1857 की क्रांति के महानायक अमर शहीद वीर वीरा पासी जी की जयंती बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके अदम्य साहस, वीरता, संघर्ष और देशभक्ति को याद किया।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष जगदेव यादव, सपा नेता अखिलेश यादव, बीएन मौर्य, डलमऊ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पंकज पासी, इंजीनियर मान सिंह पटेल एवं ब्लॉक अध्यक्ष बिंदेश्वरी पासी डॉ नरेंद्र यादव, कमलेश मौर्या, सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर युवा सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा कि वीर वीरा पासी का जीवन साहस, स्वाभिमान और संघर्ष की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने की प्रेरणा देता रहेगा।
वहीं ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि बीएन मौर्य ने कहा कि वीर वीरा पासी जैसे महान क्रांतिकारियों का इतिहास में उचित सम्मान और उनकी गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने तथा उनके संघर्ष और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस दौरान सैकड़ों की संख्या में समाजवादी नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



