स्लीपर बस डिवाइडर से टकराकर पलटी: 20 यात्री घायल 4 गंभीर रेफर
झपकी बनी हादसे की वजह:राहत कार्य में जुटी पुलिस

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। मौदहा (हमीरपुर) से दिल्ली जा रही एक निजी स्लीपर बस के चालक को झपकी आने के कारण जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम धौलपुर खेड़ा ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 20 यात्री घायल हो गए। इनमें चार यात्रियों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद सैफई पीजीआई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि बस संख्या यूपी-75 सीटी-6005 मौदहा से करीब 55 यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। क्षेत्र के ग्राम धौलपुर खेड़ा ओवरब्रिज पर पहुंचते ही चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया। बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार के बीच कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम,एनएचएआई के इंसिडेंट मैनेजर सुनीत चौहान,हाइड्रा मशीन और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिस, एनएचएआई और एंबुलेंस कर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर पहुंचाया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल रविंद्र,अमन,रामवती और लवकुश सहित चार यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए सैफई पीजीआई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
दुर्घटना के चलते कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
घायलों में भारत सिंह, राम महेश,रविंद्र,गौरव, अनिल,सरिता,रोहित, शिवकुमार,अमन, रामकिशोर,रोशनी, मुन्नीलाल,क्रेशर,रेनू, रीता,अमरपाल, दिव्यांशी,रामप्रकाश, रामवती और लवकुश सहित कुल 20 यात्री शामिल हैं।



