Shoaib Akhtar Brother Demise: ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ शोएब अख्तर पर टूटा दुखों का पहाड़, बड़े भाई का हुआ अचानक निधन

Shoaib Akhtar Brother: पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। मैदान पर अपनी तूफानी रफ्तार से दुनिया भर के बल्लेबाजों को डराने वाले ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ के घर में इस समय मातम छाया हुआ है। शोएब अख्तर के बड़े भाई शाहिद अख्तर का अचानक निधन हो गया है। इस असमय क्षति से पूर्व क्रिकेटर और उनका पूरा परिवार गहरे सदमे में है। शोएब ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इस दुखद समाचार की पुष्टि की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ शोएब अख्तर का भावुक पोस्ट
अपने भाई को खोने के बाद शोएब अख्तर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (ट्विटर) पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर किया। हालांकि, भारत में उनके सोशल मीडिया हैंडल्स पर प्रतिबंध होने के कारण भारतीय फैंस इसे सीधे नहीं देख सके, लेकिन उनके इस पोस्ट का स्क्रीनशॉट तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। शोएब ने अपने पोस्ट में लिखा, “गहरे दुख के साथ आपको सूचित कर रहा हूं कि मेरे बड़े भाई शाहिद अख्तर का निधन हो गया है। वह अल्लाह के पास लौट गए हैं। नमाज़-ए-जनाज़ा के समय और स्थान के बारे में सुबह जानकारी दी जाएगी।”
आयरलैंड दौरे से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, स्टार ऑलराउंडर T20 सीरीज़ से बाहर
शोएब के क्रिकेटिंग करियर की रीढ़ थे शाहिद अख्तर
शोएब अख्तर आज क्रिकेट की दुनिया में जिस मुकाम पर हैं, वहां तक पहुंचने में उनके बड़े भाई शाहिद अख्तर का सबसे बड़ा योगदान था। शोएब ने अपने कई इंटरव्यूज में इस बात का जिक्र किया था कि उनके शुरुआती संघर्ष के दिनों में पूरे परिवार और विशेषकर उनके बड़े भाई ने उनके सपनों को पूरा करने के लिए जी-तोड़ मेहनत की थी। भाई के साए के अचानक उठ जाने से शोएब को ऐसा जख्म मिला है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती।



