रोटरी क्लब ने डिजिटल आंगनवाड़ी को दी आवश्यक सुविधाएं
कुर्सियां, लोहे का बक्सा और स्कूल में पांच पंखे लगाए; वॉटर कूलर लगाने की घोषणा

गाजियाबाद। ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के साथ मनाए जा रहे 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के तहत रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद विकास ने सेवा कार्यों को आगे बढ़ाते हुए कॉम्पोजिट स्कूल, शाहपुर निज मोरटा स्थित क्लब द्वारा अंगीकृत डिजिटल आंगनवाड़ी में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी में बच्चों के बैठने के लिए कुर्सियां तथा सामग्री सुरक्षित रखने के लिए एक बड़ा लोहे का बक्सा भेंट किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के बच्चों को अल्पाहार वितरित किया गया और बच्चों की सुविधा के लिए विद्यालय में पांच छत के पंखे भी लगवाए गए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अनुराधा शर्मा ने रोटरी क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब द्वारा समय-समय पर विद्यालय में कई जनहितकारी कार्य कराए जाते रहे हैं। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छ पेयजल की समस्या से क्लब के सदस्यों को अवगत कराया और बताया कि विद्यालय में उपलब्ध पानी पीने योग्य नहीं है।
इस पर क्लब सदस्य रो. अतुल गुप्ता एवं रो. जितेंद्र जैन ने विद्यालय में वॉटर कूलर स्थापित कराने की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर वॉटर कूलर स्थापित कर दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों एवं आंगनवाड़ी के बच्चों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
क्लब अध्यक्ष रो. कैलाश मंगला एवं रो. कल्पना मंगला ने आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने वाले रोटरी साथियों रो. अतुल गुप्ता, रो. जितेंद्र जैन एवं रो. विजय जिंदल का विशेष आभार व्यक्त किया तथा सेवा कार्यों में उनके सहयोग की सराहना की।
कार्यक्रम में रो. संजय अग्रवाल, रो. अंजू अग्रवाल, रो. मधु जैन, रो. योगेश गर्ग, रो. रेखा गर्ग, रो. कुलदीप रोहतगी एवं रो. दीपिका रोहतगी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद विकास ने राष्ट्रीय पोषण माह के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा आंगनवाड़ी एवं विद्यालयों में बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य और सुविधाओं के लिए निरंतर सेवा कार्य करने का संकल्प दोहराया।



