बारिश से फसल नुकसान का राजस्व टीमों ने किया सर्वे

बाजरा,धान,उर्द,मूंग और तिली की फसलों में क्षति का लिया जायजा

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र में पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश से क्षेत्र में बाजरा,धान,उर्द,मूंग और तिली समेत खरीफ की फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए प्रशासन ने सर्वे शुरू कर दिया है। एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह,तहसीलदार जितेंद्र सिंह पटेल और नायब तहसीलदार नेहा सचान ने राजस्व टीमों के साथ अलग-अलग गांवों में पहुंचकर फसल क्षति का निरीक्षण किया।

एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह ने राजस्व टीम के साथ जसोहन गांव में खेतों का निरीक्षण कर बारिश से फसलों को हुए नुकसान की स्थिति देखी। वहीं तहसीलदार जितेंद्र सिंह पटेल ने भेसान, रायनगर और फूलरई गांवों में पहुंचकर खेतों का जायजा लिया। नायब तहसीलदार नेहा सचान ने राजस्व कर्मियों के साथ जगसोरा, सिरहोल और नगला छंद में फसल क्षति का स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने किसानों से बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली और राजस्व कर्मियों को क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए। खेतों में जलभराव और फसलों की खराब स्थिति को भी टीमों ने मौके पर देखा। सर्वे के आधार पर नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।

एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि बारिश के कारण यदि फसल में 35 प्रतिशत से अधिक नुकसान पाया जाता है तो दैवीय आपदा के तहत शासन की ओर से निर्धारित नियमों के अनुसार प्रभावित किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि राजस्व टीमें गांव-गांव जाकर फसल क्षति का आकलन कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button