अधिकारों,सरकारी योजनाओं की मिली जानकारी
धनुआ पंचायत घर में लगा दिव्यांग विधिक जागरूकता शिविर

जसवंतनगर,इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश रजत सिंह जैन तथा सचिव आरती द्विवेदी के निर्देशन में गुरुवार को धनुआ पंचायत घर स्थित न्याय सेवा केंद्र में दिव्यांग विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दिव्यांगजनों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
अधिकार मित्र राजेंद्र सिंह ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 की धारा 92 के संबंध में जानकारी देते हुए दिव्यांगजनों के अधिकार एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर किसी भी तरह के उत्पीड़न या भेदभाव की स्थिति में विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
अधिकार मित्र लालमन ने 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी देते हुए इसके लाभ बताए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक मामलों का लोक अदालत के माध्यम से निस्तारण कराने की अपील की। वहीं अधिकार मित्र शिवदीप ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र दिव्यांगजनों व ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में शिवराज सिंह, ऋषि कुमार,सुरेंद्र सिंह, रामवीर,हरबंस लाल, राजकुमार,ऋषभ दुबे और रमेश चंद समेत अन्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने विधिक जागरूकता कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।



