कोहली की जगह RCB का कप्तान बनने वाले थे पार्थिव पटेल, फिर कैसे पलट गया पूरा खेल? पूर्व क्रिकेटर का खुलासा

RCB Captaincy Controversy: आईपीएल इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की कप्तानी को लेकर अक्सर कई कहानियां सामने आती रही हैं, मगर अब पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने एक ऐसा सनसनीखेज खुलासा किया है जिसने क्रिकेट फैंस को चौंका दिया है। पार्थिव पटेल ने पुष्टि की है कि साल 2019 के बाद आरसीबी मैनेजमेंट विराट कोहली को कप्तानी से हटाने का मन बना चुका था और उनकी जगह खुद पार्थिव को टीम की कमान सौंपी जाने वाली थी।

गैरी कर्स्टन और आशीष नेहरा ने पार्थिव को दिया था संकेत

कुछ समय पहले इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोइन अली ने भी इस बात का इशारा किया था, जिसकी अब पार्थिव पटेल ने पूरी तरह तस्दीक कर दी है। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के साथ एक पॉडकास्ट बातचीत में पार्थिव ने बताया कि 2019 के आईपीएल सीजन के बाद तत्कालीन हेड कोच गैरी कर्स्टन और बॉलिंग कोच आशीष नेहरा ने उनसे कप्तानी संभालने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहने को कहा था।

उस दौर में आरसीबी की कप्तानी की रेस में मोइन अली का नाम भी चल रहा था, मगर कोचिंग स्टाफ का भरोसा पार्थिव पटेल पर था। पार्थिव के मुताबिक, कोचों ने उनसे सीधे कहा था कि अगले सीजन के लिए लीडरशिप में बदलाव की योजना बन रही है और वे इसके लिए खुद को तैयार रखें। हालांकि, 2019 के सीजन में बेंगलुरु की टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर रही थी, जिसके चलते फ्रेंचाइजी के टॉप मैनेजमेंट ने कड़ा फैसला लेते हुए गैरी कर्स्टन और आशीष नेहरा दोनों को ही पद से हटा दिया।

मैनेजमेंट में बदलाव होते ही पूरा समीकरण पलट गया। 2020 सीजन से पहले आरसीबी में माइक हेसन बतौर डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट और साइमन कैटिच हेड कोच बनकर आए। नए थिंक टैंक ने विराट कोहली पर ही कप्तानी का भरोसा बरकरार रखा। इस नए फैसले का असर पार्थिव पटेल के करियर पर सीधा पड़ा। जिस खिलाड़ी को कप्तान बनाने की बात चल रही थी, उसे आईपीएल 2020 के पूरे सीजन में एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला।

न रोनाल्डो, न फर्नांडिस! युजवेंद्र चहल ने इस खिलाड़ी को बताया अपना ऑल-टाइम फेवरेट, नाम सुनकर चौंक जाएंगे

उस सीजन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी एबी डिविलियर्स ने संभाली और ओपनिंग में युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को मौका मिला। यह दांव आरसीबी के लिए काफी कारगर साबित हुआ और टीम ने 2016 के बाद पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाई। दूसरी तरफ, पूरे सीजन बेंच पर बैठने के बाद पार्थिव पटेल ने 2020 के आखिर में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। उधर विराट कोहली 2021 तक आरसीबी के कप्तान रहे और उसके बाद उन्होंने खुद ही कप्तानी छोड़ने का फैसला किया।

Related Articles

Back to top button