लाठीचार्ज के विरोध में आजाद समाज पार्टी का जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन

सुल्तानपुर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध में ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व अनीस खान और मंडल संयोजक सरताज खान ने किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। साथ ही रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई रोकने की भी मांग की गई।

अनीस खान और सरताज खान ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने आंदोलन को रोकने के लिए जिला संयोजक आदिल खान को सुबह से ही हाउस अरेस्ट कर पुलिस चौकी में बैठाए रखा तथा कई कार्यकर्ताओं को घरों से बाहर नहीं निकलने दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा। वहीं, जानकारी के अनुसार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button