कमजोर दिल वाले न पढ़ें: इस बॉलीवुड फिल्म में इस्तेमाल हुई थी ‘असली भूत’ की आवाज

Raaz Movie Real Scream: हॉरर फिल्मों का अपना एक अलग फैन बेस है। डर, रहस्य और सस्पेंस से भरपूर ऐसी फिल्में वर्षों से लोगों का मनोरंजन करती आ रही हैं। बॉलीवुड में भी कई ऐसी हॉरर फिल्में बनीं जिन्होंने दर्शकों को थिएटर में सीट से उठने तक नहीं दिया। इन्हीं फिल्मों में साल 2002 में रिलीज हुई ‘राज’ आज भी सबसे चर्चित हॉरर फिल्मों में गिनी जाती है। हालांकि, इस फिल्म से जुड़ा एक ऐसा दावा वर्षों बाद भी लोगों के रोंगटे खड़े कर देता है।
फिल्म ‘राज’ ने हॉरर फिल्मों की दुनिया में बनाई अलग पहचान
विक्रम भट्ट के निर्देशन में बनी ‘राज’ में डीनो मोरिया और बिपाशा बसु मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म की कहानी, रहस्यमयी माहौल, बैकग्राउंड म्यूजिक और डरावने दृश्यों ने उस समय दर्शकों को खूब प्रभावित किया था। इसके गाने भी सुपरहिट साबित हुए और आज भी पसंद किए जाते हैं। बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी सफलता हासिल की थी।
क्या फिल्म में इस्तेमाल हुई थी असली रहस्यमयी चीख?
‘राज’ देखने वाले दर्शकों को सबसे ज्यादा डराने वाली चीज अगर कोई थी तो वह थी अचानक सुनाई देने वाली तेज और खौफनाक चीख। वर्षों से इस आवाज को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रही हैं। निर्देशक विक्रम भट्ट ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि फिल्म में इस्तेमाल की गई यह आवाज किसी सामान्य साउंड इफेक्ट से तैयार नहीं की गई थी, बल्कि एक वास्तविक रहस्यमयी रिकॉर्डिंग थी।
विक्रम भट्ट ने बताया कैसे रिकॉर्ड हुई यह आवाज
निर्देशक विक्रम भट्ट के अनुसार, फिल्म ‘सड़क’ की शूटिंग के दौरान उनकी टीम मुंबई स्थित मुकेश मिल्स में रात के समय काम कर रही थी। यह जगह लंबे समय से रहस्यमयी घटनाओं और भूत-प्रेत की कहानियों के कारण चर्चाओं में रही है।
सेंसर बोर्ड का लगा बैन और 6 साल तक तरसती रही रिलीज को; बोल्ड सीन्स और धार्मिक रार में फंसी थी बॉलीवुड की ये फिल्म
विक्रम भट्ट ने बताया कि शूटिंग के दौरान टीम के कई सदस्यों को अजीब अनुभव हुए। माहौल लगातार भारी महसूस हो रहा था और सभी असहज थे। इसी दौरान रात में एक बेहद डरावनी और रहस्यमयी चीख सुनाई दी, जिसे रिकॉर्ड कर लिया गया। बाद में इसी रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल फिल्म ‘राज’ के कुछ हॉरर दृश्यों में किया गया।
इस दावे की कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई
हालांकि, विक्रम भट्ट का यह दावा लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ है, मगर इस बात की कोई स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है कि रिकॉर्ड की गई आवाज वास्तव में किसी अलौकिक शक्ति या तथाकथित ‘चुड़ैल’ की थी। इसे लेकर अलग-अलग लोगों की अलग-अलग राय रही है। कुछ इसे महज संयोग मानते हैं, जबकि कई लोग इसे बॉलीवुड की सबसे रहस्यमयी घटनाओं में से एक मानते हैं।



