‘एक कदम गांधी के साथ’ पदयात्रा का हुआ स्वागत

जसवंतनगर,इटावा। सर्व सेवा संघ द्वारा संचालित ‘एक कदम गांधी के साथ’ पदयात्रा कारवां प्यार का, का स्थानीय स्तर पर भव्य स्वागत किया गया। यह पदयात्रा राजघाट वाराणसी से राजघाट दिल्ली तक चल रही है और 2 अक्टूबर से 26 नवम्बर 2025 तक जारी रहेगी, जिसका उद्देश्य सद्भावना, संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय विरासत के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।
इस पदयात्रा के नगर आगमन से पूर्व हाईवे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, बचपन प्ले स्कूल के एमडी राहुल दीक्षित, तुलसीदास शुक्ला, लालमन बाथम, राजपाल यादव, बलवीर कठेरिया सहित कई स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने यात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और गांधीवादी मूल्यों पर चलने का संकल्प लिया।
पदयात्रा हाईवे स्थित विद्यालय में रात्रि विश्राम के बाद सुबह ग्राम कैस्त, नगर के कोठी कैस्त मोहल्ला, रामलीला रोड, बड़ा चौराहा, कटरा पुख्ता और फक्कड़पुरा होते हुए ऐतिहासिक बिल्ली मठ पहुँची, जो न केवल धार्मिक स्थल के रूप में प्रसिद्ध है बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के समय क्रांतिकारी गतिविधियों का केंद्र भी रहा है। यहाँ समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने उपस्थित लोगों और पदयात्रियों को मठ के ऐतिहासिक महत्व और क्रांतिकारी गतिविधियों की जानकारी देकर अवगत कराया और युवाओं को गांधीवादी मूल्यों पर चलने की प्रेरणा दी।
इसके बाद पदयात्रियों ने मठ में शिव दर्शन किए और पास बने शहीद स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान दिया। यहाँ नुक्कड़ सभा आयोजित की गई और पदयात्रा का उद्देश्य साझा किया गया, जिसमें यात्रियों ने गांधी जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया और लोगों से सामाजिक सद्भाव और लोकतंत्र के मूल्यों के प्रति जागरूक होने की अपील की।



