जसवंतनगर में बंदरों का आतंक: छात्र घायल
छत पर पढ़ रहे छात्र पर बंदरों ने किया हमला

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र के गांव राजपुर के रहने वाले शैलेंद्र कुमार ने बताया कि उनके भाई श्रवण कुमार का 15 वर्षीय पुत्र आदित्य शुक्रवार को धूप में घर की छत पर बैठकर पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक पीछे से बंदरों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बंदरों से बचने के लिए आदित्य घबराकर छत से नीचे उतरने के लिए भागा, तभी उसका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे गिर पड़ा।
आदित्य के गिरते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने बिना समय गंवाए उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार किशोर को कई जगह चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के सभी गाँव में बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।



