अमेरिका के 2 किलर ड्रोन मार गिराए, रडार तबाह! ईरान के भीषण पलटवार से थर्राया पूरा मिडिल ईस्ट

Iran US Conflict News: पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य टकराव बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने बहरीन के सैन्य ठिकानों पर तैनात अमेरिका के दो पैट्रियट एयर डिफेंस रडार सिस्टम को मिसाइलों और ड्रोनों के जरिए तबाह कर दिया है। ईरानी सेना ने इसे अपनी वायुसीमा के कथित उल्लंघन और हेंगम द्वीप स्थित रडार स्टेशन पर हुए अमेरिकी हमले के खिलाफ की गई सीधी जवाबी कार्रवाई करार दिया है।
अमेरिकी रक्षा उपकरणों को बनाया निशाना
ईरानी सेना के अनुसार, बहरीन के अल-रफा और अवाली एयरबेस पर स्थापित अमेरिकी रक्षा उपकरणों को निशाना बनाया गया। इस हमले के दौरान बहरीन के एक औद्योगिक परिसर में भीषण आग भड़क उठी, जिसे बुझाने के लिए दमकल और नागरिक सुरक्षा दल निरंतर मशक्कत कर रहे हैं। बहरीन के प्रशासनिक अधिकारियों ने इस घटना में किसी के हताहत न होने की पुष्टि करते हुए प्रारंभिक खतरे का अलर्ट वापस ले लिया है, हालांकि आम नागरिकों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
दूसरी तरफ तेहरान ने इजरायल के खिलाफ भी कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने दो-टूक कहा है कि यदि ईरान के बुनियादी ढांचे को किसी भी तरह का नुकसान पहुंचाया गया, तो तेहरान सीधे इजरायली ठिकानों को निशाना बनाएगा। उन्होंने साफ किया कि ईरान की यह चेतावनी केवल कागजी बयान नहीं है, बल्कि उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
जमीनी हमलों के साथ ही समुद्री क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय तेल मार्ग ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ में भी भीषण अस्थिरता पैदा हो गई है। ईरानी नौसेना ने बताया कि प्रतिबंधित जलक्षेत्र में एक बड़ा तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग (सी-माइन) से टकरा गया, जिससे उसमें आग लग गई। इसके अतिरिक्त, ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने भी ओमान के खासाब क्षेत्र के पास दो तेल टैंकरों पर अज्ञात मिसाइलों से हमले की पुष्टि की है, जिसके चलते खाड़ी से होने वाले वैश्विक तेल परिवहन की सुरक्षा पर गहरा संकट मंडरा रहा है।
ईरान की IRGC ने आगे दावा किया है कि उसने रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर निगरानी कर रहे अमेरिका के दो सैन्य ड्रोनों—एक MQ-9 रीपर और एक MQ-1 प्रीडेटर—को अपनी मारक मिसाइलों से मार गिराया है। इस बीच, सऊदी अरब की रक्षा प्रणाली ने यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही मार गिराने का दावा किया है। इस मिसाइल हमले के दौरान मक्का प्रांत में कुछ समय के लिए सायरन और अलर्ट जारी किया गया था, हालांकि हूती प्रवक्ता याह्या सरी ने मक्का को निशाना बनाने से इनकार करते हुए कहा कि उनके हमले सिर्फ तेल और सैन्य ठिकानों तक सीमित हैं।
जंगल से निकलकर गांव पहुंचे, याम मांगा और गायब हो गए… अमेजन की इस रहस्यमयी जनजाति की हकीकत क्या है?
इस चौतरफा सैन्य गतिरोध के बीच कूटनीतिक मोर्चे पर भी तनाव बना हुआ है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बयान दिया है कि अगर उनकी शर्तें मानी जाती हैं तो वे होर्मुज जलमार्ग को दोबारा सुरक्षित आवाजाही के लिए खोल सकते हैं। हालांकि, उन्होंने 60 प्रतिशत तक संवर्धित अपने यूरेनियम भंडार को किसी भी तीसरे देश में स्थानांतरित करने की मांग को सिरे से खारिज कर दिया है।



