ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव का हुआ समापन

सीओ और समाजसेवी हुए सम्मानित

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर में श्री रामलीला महोत्सव सेवा समिति धनुवां द्वारा आयोजित 112वें ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव के सफल एवं शांतिपूर्ण संपन्न होने के उपलक्ष्य में समिति पदाधिकारियों द्वारा सीओ व समाजसेवी को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।

समिति के अध्यक्ष सर्वेश चंद्र मिश्रा एवं पदाधिकारी शिवप्रसाद तिवारी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह के कार्यालय पहुंचकर उन्हें श्री राम दरबार का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

साथ ही प्रेस क्लब जसवंतनगर के अध्यक्ष व समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य को भी उनके कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर समिति पदाधिकारियों ने कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में प्रशासन,पुलिस बल, मीडिया एवं क्षेत्रीय जनता का विशेष योगदान रहा। सभी के सहयोग और समन्वय से ही रामलीला महोत्सव बिना किसी बाधा के सकुशल संपन्न हो सका।

उन्होंने बताया कि रामलीला महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है, जो 112 वर्षों से समाज को एकता, भाईचारे और नैतिक मूल्यों का संदेश देता आ रहा है। इस प्रकार के आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। समिति ने सभी सहयोगियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस कर्मियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Back to top button