गंगा दशहरा: नहर घाटों पर प्रशासन की रही कड़ी निगरानी

सुरक्षित स्थानों पर स्नान की मिली अनुमति

जसवंतनगर,इटावा। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न स्नान स्थलों पर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। संभावित हादसों को रोकने के लिए श्रद्धालुओं को नहर में छलांग लगाकर स्नान करने से रोका गया और केवल निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान कराने की व्यवस्था की गई। प्रशासन की सक्रियता के चलते पूरे दिन स्नान स्थलों पर व्यवस्था नियंत्रित रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

प्रशासन द्वारा सिहोल नहर पुल के समीप किनारे पर बनी सीढ़ियों पर ही श्रद्धालुओं को स्नान की अनुमति दी गई। वहीं कचोरा-नहर पुल पर भी लोगों को किनारे पर रहकर ही स्नान करने के निर्देश दिए गए। पुलिस बल लगातार मौके पर मौजूद रहा और लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को गहरे पानी में न जाने की चेतावनी दी जाती रही।

बताया गया कि इस वर्ष अधिक मास होने के कारण गंगा दशहरा दो तिथियों में मनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के अनुसार एक तिथि सोमवार को मनाई गई,जबकि दूसरी 24 जून को मनाई जाएगी। इसी वजह से पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम दिखाई दी।

प्रशासन ने पूर्व वर्षों में गंगा दशहरा के दौरान हुए हादसों और डूबने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती। नहर में गहरे पानी की ओर जाने और कूदकर स्नान करने पर पूर्ण प्रतिबंध रखा गया था।

उपजिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत और क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने विभिन्न पुलों और स्नान स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं थाना प्रभारी कमल भाटी पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। प्रशासन की सतर्कता और सख्ती के चलते गंगा दशहरा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button