हजरत खुशबूशाह के उर्स में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब

भरथना,इटावा। भरथना कस्बा के स्टेशन रोड स्थित शेख जी के हाते में बीते शनिवार को हजरत खुशबूशाह (बगिया वाले बाबा) का उर्स शरीफ पूरी अकीदत और रूहानी माहौल के बीच संपन्न हुआ।
उर्स के अवसर पर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने दरगाह पर पहुंचकर चादरपोशी की और फातिहा पढ़कर देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। उर्स शरीफ के दौरान दरगाह परिसर में सूफी परंपरा और आपसी सौहार्द की सुंदर झलक देखने को मिली। आयोजन पूरी तरह धार्मिक,शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि नहीं हुई।
आयोजकों के अनुसार उर्स शरीफ का मुख्य उद्देश्य समाज में इंसानियत, भाईचारे और मोहब्बत का संदेश देना है। उर्स के आयोजन में मौलाना फहीम रज़ा, हाफिज अज़ीम सम्भली, जुल्फिकार खां, कुर्बान अली, नफीस अली, ताहिर खां, बिलाल मूसानी, मुकेश वारसी, अजीजुल हसन एवं रजब अली सहित अनेक लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन के उपरांत कुर्बान अली और गुलज़ार खान की ओर से सेवा भाव के तहत अकीदतमंदों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई। उर्स शरीफ का आयोजन दोपहर में ही दुआ के साथ शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय लोगों एवं स्वयंसेवकों का सहयोग सराहनीय रहा।



