ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा सुदृढ़ीकरण प्रभावी कदम
कुलपति डॉ.अजय सिंह के नेतृत्व में सैफई की आउटरीच पहल

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के कुलपति प्रो.डॉ. अजय सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में विश्वविद्यालय द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत निरंतर जनकल्याणकारी पहलें संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में आउटरीच एक्टिविटी कार्यक्रम के तहत ग्राम आदुपुर,बसरेहर में एक व्यापक स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।
कुलपति डॉ.अजय सिंह की दूरदर्शी सोच के अनुरूप आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना,उन्हें रोग-निवारण एवं उपचार संबंधी परामर्श उपलब्ध कराना तथा विश्वविद्यालय के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की उन्नत चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत आउटरीच प्रोग्राम कोर्डिनेटर डॉ.अजय कुमार एवं ग्राम प्रधान श्रीमती विनीता देवी शाक्य द्वारा की गई। इस अवसर पर आउटरीच टीम के सदस्य डॉ.राजमंगल यादव,डॉ. प्रवेश कुमार,जगदीश सिंह, मनोज मौर्य सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान नेत्र रोग, जनरल मेडिसिन,हड्डी रोग, ईएनटी,जनरल सर्जरी एवं डेंटल विभागों के विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही, मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर से लगभग एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीणों ने प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त किया।
विशेष रूप से,“पैथोलॉजी ऑन व्हील”सुविधा के माध्यम से 65 से अधिक लोगों की रक्त जांच की गई, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में उन्नत जांच सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हुई।
कुलपति के निर्देशन में “सेंटर फॉर हैप्पीनेस”द्वारा ग्रामीणों को बढ़ते मानसिक तनाव एवं उससे जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त विशेषज्ञों द्वारा ग्रामीणों को हीट वेव (लू) से बचाव के उपायों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
यह आयोजन कुलपति डॉ. अजय सिंह के नेतृत्व में सैफई द्वारा ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने एवं स्वास्थ्य जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करता है।



