दो साल से चल रही थी धमाके की प्लानिंग, जानें और क्या खुलासा हुआ
Delhi Red Fort Blast: जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े डॉ. शाहीन शाहिद गिरफ्तार, विस्फोटक जमा करने और बड़े आतंकी हमले की साजिश का खुलासा। सुरक्षा एजेंसियों की जारी जांच।
Delhi Red Fort Blast: भारत की राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम एक भीषण धमाका हुआ। इस धमाके में 10 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई और 20 से ज़्यादा घायल हो गए। इस हमले के बाद, देश भर में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियाँ छापेमारी कर रही हैं और धमाके में शामिल लोगों की तलाश कर रही हैं। जाँच एजेंसियों ने इस धमाके के बाद डॉ. शाहीन शाहिद को गिरफ़्तार किया है। जाँच में शाहीन का आतंकी संगठन जैश से संबंध सामने आया था। पूछताछ के दौरान उसने कई खुलासे किए हैं।
दो साल से चल रहा था विस्फोटक इकट्ठा करने का काम
सूत्रों का कहना है कि भारत में जैश-ए-मोहम्मद की महिला कमांडर डॉ. शाहीन शाहिद पिछले दो साल से विस्फोटक जमा कर रही थी। शाहीन शाहिद से लगातार पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि इस पूछताछ से और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। शाहीन से दिल्ली धमाके के सिलसिले में ख़ास तौर पर पूछताछ की जा रही है।
delhi blast 2025: लाल किले के पास धमाके के बाद पाक को इस बात का डर
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया है कि वह और उसके साथी डॉक्टर भारत में एक बड़े आतंकवादी हमले की साजिश रच रहे थे। जब भी वह डॉ. उमर से मिलती, वह बड़े उत्साह से कहता कि देश भर में कई आतंकवादी हमले होने वाले हैं। शाहीन, मुज़म्मिल और आदिल इन सभी के साथ मिलकर दो साल से अमोनियम नाइट्रेट जैसे विस्फोटक इकट्ठा कर रहे थे। यह सब आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के इशारे पर किया जा रहा था।
दिल्ली विस्फोट का ‘मास्टरमाइंड’ कौन
सोमवार शाम 6:52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए विस्फोट में इस्तेमाल की गई सफेद i20 कार का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। मेट्रो स्टेशन की पार्किंग से निकलते समय कार में काला नकाब पहने एक व्यक्ति बैठा दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि वह डॉ. उमर मुहम्मद नबी है। वह कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला था। दिल्ली विस्फोट के बाद, फरीदाबाद स्थित अल-फ़लाह विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आ गया है। यहां से 7 डॉक्टरों समेत 13 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।



