नव वर्ष पर बीएसए से शिष्टाचार भेंट निर्वाचन ड्यूटी, वरिष्ठता सूची व लंबित भुगतान को लेकर संघ का ज्ञापन

सुल्तानपुर | नववर्ष के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, सुल्तानपुर के जिला अध्यक्ष दिनेश उपाध्याय एवं जिला मंत्री राम आशीष मौर्य के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुल्तानपुर को नव वर्ष की बधाई दी एवं शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं एवं मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा ज्ञापन भी सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि वर्तमान में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन एवं सामान्य विधानसभा निर्वाचन के अंतर्गत मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य संचालित है, जिसमें परिषदीय शिक्षकों की ड्यूटी सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल ऑफिसर के रूप में लगाई गई है। विभागीय निर्देशों के क्रम में अवकाश के दिनों में भी शिक्षकों से निर्वाचन संबंधी कार्य लिया जा रहा है, जबकि नियमानुसार अवकाश दिवस में कराए गए कार्य के सापेक्ष संबंधित शिक्षकों को प्रतिकर अथवा उपार्जित अवकाश प्रदान किया जाना चाहिए। इस विषय पर संघ ने स्पष्ट रूप से अपनी मांग रखते हुए शीघ्र आदेश निर्गत किए जाने का अनुरोध किया।
इसके अतिरिक्त वरिष्ठता सूची में व्याप्त त्रुटियों पर भी संगठन ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया और गलतियों को सुधार कर पुनः संशोधित वरिष्ठता सूची जारी किए जाने की मांग की गई, जिस पर सकारात्मक चर्चा हुई।बैठक के दौरान पिछले लगभग दो से तीन वर्षों से लंबित कुछ शिक्षकों के एफएलएन प्रशिक्षण भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
किसी का एक बार भी भुगतान नहीं हुआ और किसी का दो-दो बार हो गया, इस पर भी चर्चा हुई इस मुद्दे पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आश्वस्त किया कि संबंधित शिक्षकों का भुगतान शीघ्र ही उनके खातों में प्रेषित करा दिया जाएगा।वहीं नववर्ष के अवसर पर लेखाधिकारी आरवीराम से वेतन संबंधी विषयों पर भी वार्ता हुई, जिसमें बताया गया कि वेतन भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूर्ण कर ली जाएगी तथा लंबित एरियर को भी यथाशीघ्र निर्गत कराने का आश्वासन लेखाधिकारी की ओर से दिया गया।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम मौर्य, एवं रमेश तिवारी,जिला कोषाध्यक्ष डॉ विनय प्रजापति, संयुक्त संगठन मंत्री देशराज, जिला संगठन मंत्री श्रीपाल यादव,हीरा लाल आदि लोग उपस्थित रहे।



