निर्माण श्रमिकों को मिला 21.07 लाख रुपये का लाभ, 77 लाभार्थियों को बांटे गए चेक

गाजियाबाद। लोहियानगर स्थित हिन्दी भवन में बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ के लोक भवन से प्रसारित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण, वेबसाइट एवं पोर्टल का शुभारंभ तथा आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े हुए पारिश्रमिक की घोषणा की गई।
इसी क्रम में श्रम विभाग द्वारा संचालित भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न हितलाभ योजनाओं के तहत पात्र निर्माण श्रमिकों को चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में जनपद के कुल 77 लाभार्थियों को 21 लाख 7 हजार 500 रुपये की धनराशि का चेक के माध्यम से लाभ प्रदान किया गया।
निर्माण कामगार मृत्यु दिव्यांगता सहायता योजना के तहत 7 लाभार्थियों को 14 लाख रुपये, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत 5 लाभार्थियों को 1 लाख 40 हजार रुपये, कन्या विवाह सहायता योजना के तहत 4 लाभार्थियों को 2 लाख 60 हजार रुपये तथा संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत 61 लाभार्थियों को 3 लाख 7 हजार 500 रुपये की धनराशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल तथा लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर सहित जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, उप श्रम आयुक्त, सहायक श्रम आयुक्त समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पात्र श्रमिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।



