भूमि पूजन के साथ बारात घर का निर्माण शुरू

जसवंतनगर विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत राजपुर तमेरी के ग्राम तमेरा की मढ़ैया में लंबे समय से चली आ रही ग्रामीणों की मांग अब पूरी होने जा रही है। विधायक निधि से बनने वाले बहुप्रतीक्षित बरातघर के निर्माण से पूर्व विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि अनुज यादव मोंटी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन कर भूमि पूजन किया और निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भूमि पूजन के साथ ही ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को एक नई दिशा मिल गई।
कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठान के साथ हुई, जिसमें विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इसके बाद गांव के युवाओं एवं स्थानीय लोगों ने अनुज यादव का फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। स्वागत के दौरान लोगों ने क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रधान शरन सिंह ने कहा कि बरातघर का निर्माण गांव के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा, जिससे ग्रामीणों को सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन में काफी सुविधा मिलेगी। पूर्व प्रधान देशराज सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी इस कार्य की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम में उदयवीर सिंह, रामबाबू चौधरी, राजेंद्र चौधरी, सौरभ दुबे, अजीत नारायण चौधरी, दाताराम कुशवाहा, बदले प्रजापति, प्रेम सिंह कुशवाहा, ऋषि गौतम, राजेश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि बरातघर बनने से गांव में शादी-विवाह व सामाजिक कार्यक्रम एवं अन्य आयोजनों के लिए अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
ग्रामीणों का मानना है कि इस तरह के विकास कार्यों से न केवल बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी, बल्कि गांव का सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन भी सशक्त होगा। भूमि पूजन के साथ ही बरातघर निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी और उम्मीद का माहौल है।



