सिविल डिफेंस करेगा आपातकालीन तैयारियों का अभ्यास

गाजियाबाद। गाजियाबाद में नागरिक सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए सिविल डिफेंस द्वारा 23 जनवरी 2026 को एक ब्लैकआउट अभ्यास आयोजित किया जाएगा। यह अभ्यास शाम 6:30 बजे से 6:40 बजे तक होगा, जिसके दौरान चयनित क्षेत्रों में बिजली पूरी तरह बंद रखी जाएगी।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि यह ब्लैकआउट एक्सरसाइज संभावित हवाई हमलों या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि गोल्फ लिंक सोसायटी के पास एनएच-9, मेहरौली क्षेत्र में सिविल डिफेंस वार्डनों की सहायता से बचाव और सुरक्षा तरीकों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान अपने घरों, दुकानों और संस्थानों की सभी लाइटें बंद रखें, ताकि बाहर किसी भी प्रकार की रोशनी दिखाई न दे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभ्यास पूरी तरह से एहतियाती और प्रशिक्षण के उद्देश्य से है, जिसका लक्ष्य भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटना है।
ब्लैकआउट के दौरान नागरिकों को घरों में ही रहने, बाहर निकलने से बचने और मोबाइल फ्लैशलाइट, टॉर्च, माचिस या किसी भी अन्य प्रकार की रोशनी का प्रयोग न करने की सलाह दी गई है। यदि कहीं से रोशनी बाहर निकल रही हो, तो खिड़की-दरवाजों को काले कागज या कपड़े से ढकने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे अभ्यास आम जनता के सहयोग से ही सफल होते हैं, जिससे भविष्य में किसी भी संकट की स्थिति में जनहानि को कम किया जा सकता है।



