स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का होगा निर्माण: डीआरएम
पर्याप्त रोशनी-पेयजल की सभी प्लेटफार्मों पर होगी व्यवस्था

भरथना,इटावा। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मण्डल रेल प्रबन्धक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल ने भरथना रेलवे स्टेशन के औचक निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया। इस दौरान ट्रेन ठहराव सहित रेलवे व स्टेशन से सम्बन्धित विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु मौजूद समाजसेवियों ने ज्ञापन के माध्यम से उन्हें रूबरू कराया।
शुक्रवार को प्रातः करीब 11 बजे उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मण्डल रेल प्रबन्धक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल अपने स्पेशल निरीक्षणयान से भरथना रेलवे स्टेशन पहुँचे। जहाँ उन्होंने स्टेशन के चारों प्लेटफार्मों,प्रकाश व्यवस्था, फुट ओवरब्रिज,कण्ट्रोल रूम,टिकट घर,पेयजल आपूर्ति सहित यात्री सुविधाओं की सभी मूलभूत आवश्यकताओं का बारीकी से परीक्षण किया तथा सम्पूर्ण रेलवे स्टेशन परिसर में भ्रमण कर जायजा लिया।
डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने बताया कि स्टेशन की सुविधाओं से सम्बन्धित प्राप्त पत्रों का विभागीय अधिकारियों द्वारा जाँच करवायी जा रही है,कि कितने यात्रियों का आवागमन रहता है, सुविधाओं में क्या अव्यवस्था है? उसी आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जायेगी,जो उचित सुविधायें हैं,सभी मुहैया करायी जायेगीं। उन्होंने मरीज-दिव्यांग यात्रियों के आवागमन हेतु रैप निर्माण की भी बात कही।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने डीआरएम रजनीश अग्रवाल को वेटिंग रूम, महिला शौंचालय, जलापूर्ति,प्वाइण्ट्समैन हट, जर्जर क्वार्टर तोडकर नवनिर्माण,जलभराव, सडक निर्माण आदि समस्याओें को लेकर अवगत कराया। जिस पर श्री अग्रवाल ने तत्काल सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित कर जल्द ही उक्त समस्याओं के निराकरण हेतु आदेशित किया।
इस दौरान रेलवे स्टेशन पर मौजूद डेली रेल यात्री व समाजसेवियों ने कोरोना काल में बन्द हुई ट्रेनों के पुनःठहराव समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं मांग वाले ज्ञापन सौंपे।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार, व्यापारी नेता सन्तोष सिंह चौहान,रज्जन पोरवाल, देवाशीष चौहान,विवेक पोरवाल,रामलखन शाक्य, छुन्नी पोरवाल,शशांक त्रिपाठी,दरविन्दर सिंह गाँधी,भावेश कुमार सहित कई समाजसेवियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।


