जैनपुर नागर गौशाला में गोवंश मिले संरक्षित
नोडल अधिकारी एडीओ पंचायत ने किया निरीक्षण

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के गांव जैनपुर नागर स्थित गौशाला का शनिवार को नोडल अधिकारी एवं एडीओ पंचायत देवेंद्र सिंह ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ गोवंश की स्थिति भी देखी गई। मौके पर कुल 175 गोवंश संरक्षित मिले।
निरीक्षण के दौरान गौशाला में गोवंश को हरा चारा खिलाया जा रहा था। नोडल अधिकारी ने गोवंश के लिए उपलब्ध चारे,पानी और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गौशाला में मौजूद गोवंश की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित कर्मचारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में पूछताछ की।
इस दौरान डॉक्टरों की टीम भी गौशाला में मौजूद मिली। टीम द्वारा संरक्षित गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा था। बीमार अथवा कमजोर गोवंश की पहचान कर उपचार की व्यवस्था किए जाने की जानकारी ली गई। नोडल अधिकारी ने गौशाला की व्यवस्थाओं को नियमित रूप से बनाए रखने और गोवंश के चारे-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गौशाला में संरक्षित गोवंश की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। समय-समय पर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए और आवश्यकता के अनुसार उनका उपचार सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सचिव वरुण यादव मौजूद रहे। उन्होंने गौशाला में गोवंश की संख्या और उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में नोडल अधिकारी को जानकारी दी।



