दहेज उत्पीड़न में पति समेत आठ पर मुकदमा दर्ज

जसवंतनगर,इटावा। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट, मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में थाना पुलिस ने पति,सास-ससुर समेत आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम बरौली पाल नगर,थाना वैदपुरा निवासी रामवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन ममता कुमारी का विवाह 21 अप्रैल 2023 को ग्राम धौलपुर निवासी रवि कुमार पुत्र शिशुपाल के साथ सामाजिक रीति-रिवाज एवं सामर्थ्य के अनुसार हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने अतिरिक्त दो लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़ित पक्ष के अनुसार कई बार पंचायत के माध्यम से समझौते का प्रयास किया गया, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। जून 2026 में विवाहिता के साथ दोबारा मारपीट कर उसे कमरे में बंद कर प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि 10 जून को जब विवाहिता का भाई और परिजन शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे,तब आरोपियों ने रास्ते में रोककर गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति रवि कुमार, शिशुपाल,बबली पत्नी शिशुपाल,सपना, अमित,दिनेश तथा दो अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न,मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।



