अंडरपास के नीचे भरे पानी में तैरता मिला ठेकेदार का शव

तीन दिन पूर्व घर से निकला था ठेकेदार

इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे स्थित संचेतना कॉलेज के पास रेलवे अंडरपास में भरे पानी में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिला। मृतक की पहचान 70 वर्षीय ठेकेदार श्री कृष्णा यादव निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिनों से लापता थे। सूचना पर थाना प्रभारी अमित मिश्रा पुलिस टीम और फोरेंसिक यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे।

गहरे पानी में दलदल जैसी स्थिति के कारण शव को बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके से मृतक की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी पानी के भीतर से बरामद किए गए। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों के अनुसार श्री कृष्णा यादव सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे घर से नगला कन्हई निवासी कमल सिंह के पास जाने की कहकर निकले थे।

शाम 6 बजे तक पत्नी से उनकी फोन पर अंतिम बार बातचीत हुई। इसके बाद फोन बंद हो गया, जिससे परिजनों को लगा कि वह शायद अपने पैतृक गांव चले गए होंगे। इस भ्रम में परिवार ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी। क्योंकि वह अक्सर गांव चले जाते थे, लेकिन दूसरे दिन भी फोन ऑफ आने पर परिवार को चिंता हुई। तब जाकर कई जगह उनकी तलाश की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका।

गुरुवार को उनकी बेटी ने दोपहर में फोन लगाया तो फोन पुलिस ने रिसीव किया और इस घटना की जानकारी दी।

जिसके बाद सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। मृतक के दामाद यशपाल ने बताया कि श्री कृष्णा यादव घर से सामान्य रूप से निकले थे। उनकी अचानक मौत कैसे हुई, यह कहना अभी मुश्किल है। घटनास्थल पर उनकी बाइक भी पानी में डूबी मिली है। किसी दुर्घटना या अन्य कारण की बात पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला पानी के भराव में गिरने से हुई दुर्घटना जैसा प्रतीत हो रहा है। शव को पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच की जाएगी।

Related Articles

Back to top button