वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
मासूम बच्ची के सिर से उठा पिता का साया

जसवन्तनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोनई और नोरमई गांव के बीच शुक्रवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर इटावा से आगरा जाने वाली सड़क पर इटावा की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची एनएचआई एम्बुलेंस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया,जहां डॉ.वीरेंद्र सिंह ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जेब में मिले आधार कार्ड से आक्रोश 26 पुत्र कृष्ण कुमार निवासी ग्राम चंदरपुरा थाना लवेदी के रूप में हुई। सीएचसी पहुंचे मृतक के ताऊ महेश कुमार ने बताया कि आकाश शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने गांव से निकला था।
वह मोटरसाइकिल अपनी बुआ मिथलेश से मांगकर लाया था और पहले इटावा के शांति कॉलोनी में उनसे मिला। इसके बाद वह बाइक शिकोहाबाद में बुआ को वापस देने जा रहा था,जहां से अन्य वाहन से गुरुग्राम नौकरी पर जाना था।
दोपहर करीब दो बजे जैसे ही वह जोनई-नोरमई मार्ग के बीच पहुंचा,तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।आक्रोश की दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी और उसकी एक वर्ष की मासूम बेटी है। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। हादसे की सूचना मिलते ही पत्नी निकिता और छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।



