आँखों में मिर्च पाउडर झोंका, डंडों से पीटा; जानें किसने कर दी पुलिस की सरेआम पिटाई

Bhalswa Dairy police attack: देश की राजधानी दिल्ली के आउटर-नॉर्थ इलाके भलस्वा डेयरी से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नियमित गश्त पर निकली दिल्ली पुलिस की टीम पर उपद्रवियों की भीड़ ने अचानक सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला कर दिया।
घटना उस वक्त घटी जब पुलिसकर्मियों ने चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर एक संदिग्ध वाहन को जब्त किया था। गाड़ी छुड़ाने के इरादे से आए लोगों ने कानून को ताक पर रखते हुए पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और ईंट-डंडों से उन पर टूट पड़े।
शनिवार दोपहर गश्त के दौरान अचानक हुआ हमला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह खौफनाक घटना शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। बीट पेट्रोलिंग स्टाफ जब इलाके में मुस्तैद था, तभी जब्त की गई गाड़ी के मालिक ने स्थानीय उपद्रवियों को इकट्ठा कर लिया।
देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को संभलने तक का मौका नहीं दिया और पहले सीधे उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला ताकि वे कुछ देख न सकें, फिर लाठी-डंडों और पत्थरों से उन पर वार करना शुरू कर दिया।
कुख्यात अपराधी सुनील उर्फ पंकज निकला मुख्य साजिशकर्ता
इस हिंसक हमले में तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य हमलावर की शिनाख्त इलाके के घोषित बदमाश सुनील उर्फ पंकज के रूप में की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पंकज एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही लूट, डकैती और जानलेवा हमले जैसे पांच संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
विधायकों की हुई मौज; सरकार देगी चमचमाती गाड़ी और महीने में हज़ारों का पेट्रोल खर्च, जानकर उड़ जाएंगे होश
घटना के तुरंत बाद हरकत में आई स्थानीय पुलिस ने मौके से एक नाबालिग संदिग्ध को पकड़कर हिरासत में ले लिया है। इस पूरी वारदात का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें हाथ में डंडे लिए कुछ लोग पुलिसकर्मियों पर हमला करते साफ नजर आ रहे हैं। स्पेशल स्टाफ और लोकल पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जो मुख्य आरोपी पंकज सहित बाकी फरार उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।


