आरोप: मारपीट कर युवक की जेब से 12 हजार निकाले

ईश्वरीपुरा चौराहे पर वारदात, डायल 112 पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ईश्वरीपुरा चौराहे पर गुरुवार दोपहर बाइक सवार युवक को रोककर मारपीट करने और उसकी जेब से 12 हजार रुपये निकाल लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चार नामजद लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। ग्राम नगला जगन निवासी रामलड़ैते पुत्र मेवाराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार दोपहर करीब एक बजे वह बाइक से धनुआ रोड होते हुए जसवंतनगर आ रहे थे।

आरोप है कि जैसे ही वह ईश्वरीपुरा चौराहे पर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद चार लोगों ने आवाज देकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद चारों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और जेब में रखे 12 हजार रुपये निकाल लिए।पीड़ित का कहना है कि वह यह रकम अजब सिंह शाक्य से उधार लेकर बाजार के काम से ला रहे थे। घटना के बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए।थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button