डीयू छात्र संघ चुनाव में अभिषेक हुए विजयी

जसवंतनगर,इटावा। दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ सेंटर-1 के छात्र संघ चुनाव में क्षेत्र के ग्राम मलाजनी निवासी अभिषेक कुमार गुप्ता ने शानदार जीत दर्ज की है। प्रथम वर्ष के छात्र अभिषेक ने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरकर लॉ सेंटर-1 में सर्वाधिक मत हासिल किए और सेंट्रल काउंसलर पद पर निर्वाचित हुए।

अभिषेक की जीत इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिला लिए उन्हें अभी करीब एक माह ही हुआ था। इतने कम समय में छात्रों के बीच संपर्क स्थापित कर उनका विश्वास हासिल करना और पूरे लॉ सेंटर-1 में सर्वाधिक मत प्राप्त करना उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है। अभिषेक मूल रूप से मलाजनी के निवासी हैं। उनके पिता राजीव कुमार गुप्ता मलाजनी क्षेत्र में डीलर होने के साथ शांति पैलेस के मालिक हैं और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते हैं। उनके दादा स्वर्गीय रमेश चंद्र गुप्ता भी क्षेत्र में समाजसेवी के रूप में अपनी पहचान रखते थे। परिवार की सामाजिक सक्रियता और लोगों से जुड़ाव की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है।

अभिषेक ने प्रारंभिक शिक्षा सेंट पीटर्स से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ लॉ के लॉ सेंटर-1 में कानून की पढ़ाई कर रहे हैं। चुनाव में जीत के बाद अभिषेक ने छात्रों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि छात्रों द्वारा जताया गया विश्वास और दी गई जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने,छात्रों की समस्याओं को संबंधित मंचों तक पहुंचाने और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने की बात कही।

विदित हो कि अभिषेक के पिता राजीव कुमार गुप्ता का परिवार लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़ा रहा है। परिवार सामाजिक कार्यों के साथ राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहा है। इसी सामाजिक जुड़ाव की पृष्ठभूमि में अभिषेक ने दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र राजनीति के क्षेत्र में अपनी शुरुआत की है।

Related Articles

Back to top button