महंगाई, भ्रष्टाचार और NEET पेपर लीक के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन

मऊ। आम आदमी पार्टी (AAP) मऊ इकाई द्वारा सोमवार को जिला अध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट परिसर में बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आम जनता की समस्याओं को उठाया। बाद में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की। ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने, भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई करने और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने “डबल इंजन सरकार” का प्रतीकात्मक पुतला दहन करने का प्रयास किया। हालांकि प्रशासन ने पुतला दहन रोक दिया। इस दौरान प्रशासन और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक की स्थिति भी बनी रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने पुतला हटवा दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काफी देर तक कलेक्ट्रेट परिसर में राजनीतिक माहौल गर्म बना रहा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि देश की आम जनता आज महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से परेशान है। गरीब, किसान, मजदूर, छात्र और मध्यम वर्ग का जीवन लगातार कठिन होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है।
उन्होंने कहा, “जनता के टैक्स का पैसा जनता के हित में खर्च होना चाहिए। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान देने के बजाय सरकार केवल प्रचार-प्रसार और सत्ता में बैठे लोगों की सुविधाओं पर पैसा खर्च कर रही है। प्रधानमंत्री, मंत्री और सांसदों की अनावश्यक विदेश यात्राओं पर भी रोक लगनी चाहिए।”
विक्रम जीत सिंह ने NEET पेपर लीक मामले को युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं से छात्रों और अभिभावकों का भरोसा टूट रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लानी चाहिए और दोषियों को सख्त सजा देनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने महंगाई, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आम आदमी पार्टी आने वाले समय में और बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में अवधेश मौर्य, मनोज कुमार, रीता भारती, अरमान खान, अंजली कुमारी, संजय राजभर समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



