पुलिस प्रताड़ना से परेशान होकर युवक के जान देने का आरोप, परिजनों ने लाश रखकर किया हंगामा
परिजनों ने पुलिस पर लगातार मारपीट करने का लगाया आरोप

ऊँचाहार, रायबरेली। गैर इरादतन हत्या के मामले में नामजद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर आधारित रिश्तेदार युवक को लगातार प्रताड़ित करने का आरोप है । जिससे परेशान होकर युवक ने फंदा लगाकर अपने घर में जान दे दी । मामले में परिजनों ने पुलिस पर बहुत ही गंभीर आरोप लगाए है। परिजनों ने पुलिस को लाश सौंपने से इनकार कर दिया है । गांव में कई थानों की पुलिस फोर्स बुलाई गई है।
मामला कोतवाली के एनटीपीसी चौकी क्षेत्र के गांव बीकरगढ़ का है । गांव के युवक राजू यादव ( 28 वर्ष ) का शव बुधवार की सुबह उसके घर के कमरे में पंखे के सहारे फंदे पर मिला है । जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया । परिजनों का आरोप है कि उनकी रिश्तेदारी में कुछ दिन पूर्व हुई मारपीट में एक वृद्ध की मौत हो गई थी । जिसमें नामजद लोगों की तलाश में पुलिस राजू को प्रताड़ित कर रही थी । उसे तीन बार पकड़कर पुलिस ले गई और काफी मारपीट की गई ।
यह भी आरोप है कि पुलिस हर बार पैसा लेकर छोड़ती थी । मंगलवार की शाम को भी पुलिस राजू को पकड़ने के लिए उसके घर आई थी , किंतु उन्हें राजू नहीं मिला। जिससे परेशान होकर राजू ने आत्महत्या कर ली । घटना की सूचना मिलने पर बुधवार सुबह जब पुलिस गांव पहुंची तो ग्रामीणों ने पुलिस का विरोध शुरू कर दिया और शव पुलिस को सौंपने से इंकार कर दिया । जिसके बाद गांव में खासा तनाव फैल गया ।
मामले की नजाकत को देखते हुए सलोन, जगतपुर , गदागंज आदि थानों की पुलिस फोर्स को गांव बुला लिया गया । पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में लगे है , किंतु ग्रामीण मामले में तत्काल दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे है । वहीं देर शाम खबर लिखे जाने तक परिजन पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार के लिए राजी नहीं हुए थे।
यह है पूरा मामला
करीब बीस दिन पहले क्षेत्र के गांव बसुवई में रामदीन की बहू नीलम और उनकी बेटी शिवानी के मध्य विवाद हुआ था । जिसमें रामदीन अपनी बेटी को लेकर कोतवाली जा रहा था , कि रास्ते में नीलम के भाइयों ने उसके साथ मारपीट कर दी । जिससे रामदीन घायल हो गया और दूसरे दिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई । इसमें नीलम और उसके भाइयों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया । इस घटना में पुलिस ने नीलम की गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है जबकि उसके भाइयों की तलाश पुलिस कर रही है । वांछित लोगों में युवक राजू का बहनोई भी है । उसी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस राजू पर दबाव बना रही थी । जिसके बाद राजू ने आत्महत्या कर ली है ।
घटनास्थल पर जैसे जैसे जानकारी फैलती गयी क्षेत्रीय नेता भी पहुँचे जिसमे अतुल सिंह , बीएन मौर्या, सपा जिलाध्यक्ष इंजी0 वीरेन्द्र यादव, पूर्व विद्यायक कुँअर अजयपाल सिंह सहित तमाम क्षेत्रीय नेताओं का जमावड़ा घटना स्थल पर लगा हुआ था।



