5 रुपये में थाली, कर्ज माफी और 40 हजार सालाना; जानें अखिलेश के घोषणापत्र में और क्या क्या

Samajwadi Party Manifesto 2027: समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना विस्तृत चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है, जिसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों और उद्यमियों के लिए कई बड़े आर्थिक व सामाजिक वादों की झड़ी लगा दी गई है।

5 में भरपेट भोजन और बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40,000

पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा जारी इस संकल्प पत्र में वादा किया गया है कि राज्य में सपा की सरकार बनते ही बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये का बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। इसके साथ ही अगले 6 वर्षों में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्तियां देने और अन्य क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ रोजगार के अवसर सृजित करने का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करते हुए बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40,000 रुपये की पेंशन देने और 5 रुपये में भरपेट पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने वाली समाजवादी कैंटीन शुरू करने का भी बड़ा संकल्प लिया गया है।

घोषणापत्र में सामाजिक न्याय और वंचित तबकों की आर्थिक हिस्सेदारी पर विशेष जोर दिया गया है। पार्टी ने प्रदेश में जातीय जनगणना कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है, साथ ही 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के लिए 50 फीसदी आरक्षण लागू करने का क्रांतिकारी ऐलान किया है। अल्पसंख्यकों के जीवन, अधिकारों और संपत्तियों की पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनके खिलाफ होने वाले हेट क्राइम पर पूरी तरह से अंकुश लगाने का आश्वासन दिया गया है।

जमीनों पर अवैध कब्जे और दबंगई की रोकथाम के लिए पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। सपा के मुताबिक आम नागरिकों या कमजोर तबकों की जमीनों पर किसी भी बाहुबली, भूमाफिया या प्रभावशाली व्यक्ति द्वारा किए जाने वाले कब्जों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों पर नकेल कसने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स (STF) का गठन किया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं को बिल्कुल भी पनपने नहीं दिया जाएगा और कानून का निष्पक्ष राज स्थापित होगा।

अभी तो ये शुरुआत है, 2 और घोषणापत्र आएंगे

पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यह घोषणापत्रों की शुरुआत भर है और आने वाले दिनों में दो और विस्तृत संकल्प पत्र सामने लाए जाएंगे। इनमें से एक विशेष घोषणापत्र आधी आबादी यानी महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा को समर्पित होगा। अखिलेश यादव ने संविधान की रक्षा को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि देश हमेशा बाबा साहब के संविधान से चलेगा, किसी के मन-विधान या तानाशाही सोच से नहीं, और संविधान को कमजोर करने की किसी भी राजनीतिक साजिश को जनता कामयाब नहीं होने देगी।

यूपी की सियासत में नया मोड़: दो बैठकों के बाद भी बेनतीजा बात, क्या खतरे में है सपा-कांग्रेस का साथ?

डिजिटल क्रांति और आधुनिक तकनीक के मोर्चे पर उत्तर प्रदेश को देश का सिरमौर बनाने का खाका भी इस दस्तावेज में पेश किया गया है। घोषणापत्र के तहत प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों को बड़े आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) हब के रूप में विकसित करने का प्लान है। इंटरनेट कनेक्टिविटी को हर नागरिक तक पहुंचाने के मकसद से प्रदेश के सभी गांवों और कस्बों में मुफ्त वाई-फाई (Wi-Fi) जोन तैयार किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण और शहरी युवाओं को तकनीकी शिक्षा व डिजिटल रोजगार के समान अवसर उपलब्ध हो सकें।

Related Articles

Back to top button