आधी रात को हुआ इतना बड़ा ऑपरेशन? 84% सोना अब देश के भीतर, जानिए RBI ने विदेशी बैंकों से क्यों खाली कराए वॉल्ट्स

RBI Gold Reserve 2026: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने रणनीतिक कदम उठाते हुए बीते छह महीनों में विदेशी तिजोरियों से 60.1 टन सोना भारत में स्थानांतरित कर दिया है। इस फैसले के बाद भारत के कुल सोने का 84 प्रतिशत हिस्सा देश के भीतर ही सुरक्षित हो गया है। केंद्रीय बैंक की अप्रैल-सितंबर 2026 की छमाही रिपोर्ट के मुताबिक, देश का कुल गोल्ड रिजर्व 880.5 टन पर बरकरार है, जबकि घरेलू भंडार सितंबर 2025 के 575.8 टन से बढ़कर सितंबर 2026 में 740.1 टन हो गया है। इसके चलते बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट (BIS) जैसे विदेशी वॉल्ट्स में रखा 290.4 टन सोना घटकर 140.4 टन रह गया है।
जानिए क्यों अपने ही पास 740 टन सोना समेट रहा है केंद्रीय बैंक
वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच आरबीआई अपने सोने की कस्टडी खुद के पास रखने को अधिक सुरक्षित मान रहा है। साथ ही भारत के पास अब आधुनिक और विश्वस्तरीय वॉल्ट्स मौजूद हैं, जिससे विदेशों में स्टोरेज शुल्क चुकाने की जरूरत भी कम हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, मार्च के 691.1 बिलियन डॉलर की तुलना में सितंबर 2026 में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 737.8 बिलियन डॉलर पहुंच गया है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में 9 प्रतिशत की गिरावट और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण कुल रिजर्व में सोने की हिस्सेदारी 16.7 प्रतिशत से घटकर 14.4 प्रतिशत रही।
अक्सर यह सवाल उठता है कि अपना सोना होने के बावजूद केंद्रीय बैंक इसे लंदन के बैंक ऑफ इंग्लैंड या स्विट्जरलैंड के BIS जैसे संस्थानों में क्यों रखते हैं। इसके पीछे लॉजिस्टिक्स और अंतरराष्ट्रीय कारोबार से जुड़े व्यावहारिक कारण हैं। लंदन का बुलियन बाजार दुनिया का सबसे बड़ा गोल्ड ट्रेडिंग केंद्र है, जहां से सोना खरीदने पर तुरंत अपने देश लाने में भारी परिवहन लागत और सुरक्षा जोखिम जुड़े रहते हैं। इसके अलावा, आपात स्थिति में विदेश में रखे सोने को गिरवी रखकर तेजी से विदेशी मुद्रा जुटाना आसान रहता है, इसलिए अधिकांश देश अपना कुछ हिस्सा विदेशी वॉल्ट्स में रखते हैं।
सोना देश में वापस लाने के पीछे दो प्रमुख वजहें मानी जा रही हैं। पहली वजह भू-राजनीतिक तनाव है, खासकर रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद पश्चिमी देशों द्वारा रूस के विदेशी भंडार व सोने को फ्रीज किए जाने की घटना ने दुनिया के केंद्रीय बैंकों को यह संदेश दिया कि संकट के वक्त वही सोना सबसे भरोसेमंद है जो सीधे आपके नियंत्रण में हो। दूसरी वजह भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत और बुनियादी ढांचा है, जहां अब उच्च सुरक्षा वाले आधुनिक वॉल्ट्स उपलब्ध हैं और कस्टडी अपने पास रखने का वैश्विक चलन भी तेज हुआ है।
ये 3 बैंक डूबे तो तबाह हो जाएगी देश की अर्थव्यवस्था! SBI के साथ लिस्ट में शामिल 2 प्राइवेट बैंक कौन से?
विदेश से सोना शिफ्ट करने की प्रक्रिया बेहद गोपनीय और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी की जाती है। सुरक्षा कारणों से इसकी तारीख या मार्ग को सार्वजनिक नहीं किया जाता और पूरा सोना एक साथ लाने के बजाय अलग-अलग खेपों में लाया जाता है। जहां तक आम नागरिकों की बात है, तो इस कदम से बाजार में सोने के दाम गिरने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए क्योंकि यह बिक्री के लिए नहीं बल्कि अर्थव्यवस्था के सुरक्षा कवच के तौर पर रखा गया है, हालांकि इससे विदेशी निवेशकों का भरोसा मजबूत होता है जिसका परोक्ष लाभ अर्थव्यवस्था को मिलता है।



