जोखिम: रेलवे फाटक के बीच फंसा ई-रिक्शा

रेलवे ट्रैक पर सामने से गुजरीं एक के बाद एक तीन ट्रेनें

भरथना,इटावा। दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 20बी पर सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब ट्रेन आने के दौरान रेलवे फाटक दोनों ओर से बंद हो गया और इसी बीच एक ई-रिक्शा फाटक के बीचोंबीच फंस गया। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान एक के बाद एक तीन ट्रेनें क्रॉसिंग से गुजरीं। सामने से ट्रेन आती देख ई-रिक्शा चालक के होश उड़ गए। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए रिक्शे को रेलवे ट्रैक से किनारे कर लिया और अपनी जान बचाने में सफल रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,करीब साढ़े तीन बजे रेलवे फाटक बंद होने के दौरान ई-रिक्शा क्रॉसिंग के बीच फंस गया था। इसी बीच लगातार तीन ट्रेनों के गुजरने से स्थिति बेहद खतरनाक हो गई। यदि चालक समय रहते रिक्शे को किनारे नहीं कर पाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल रहा।

इस घटना ने रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारों की सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फाटक बंद होने के दौरान ई-रिक्शा ट्रैक के बीच कैसे पहुंचा और उसे समय रहते बाहर निकालने की व्यवस्था क्यों नहीं हो सकी,यह जांच का विषय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग पर ऐसी लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Related Articles

Back to top button