कार की टक्कर से फौजी समेत तीन घायल
कचौरा घाट मार्ग पर नहर पुल के पास हुआ हादसा

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के कचौरा घाट मार्ग पर नहर पुल के पास तिराहे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार फौजी दीपक, उनकी पत्नी और भाभी घायल हो गईं। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, जनकपुर गांव निवासी फौजी दीपक अपनी सुधा और शालू के साथ एक दावत में शामिल होकर बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नहर पुल के पास तिराहे पर टैक्सी नंबर की तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार कराया गया।



