दलितों को हक, सम्मान और स्वाभिमान दिलाएगी सपा : सोनिया वर्मा

ऊँचाहार, रायबरेली। बछरावां की युवा समाजवादी नेत्री सोनिया वर्मा ने कहा कि आज ऊँचाहार, रायबरेली ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का दलित समाज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है। दलित समाज को विश्वास हो चला है कि उसके हक, सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई समाजवादी पार्टी ही मजबूती से लड़ सकती है।

ऊँचाहार में आयोजित विशाल पीडीए जनपंचायत को संबोधित करते हुए सोनिया वर्मा ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व मंत्री एवं विधायक इंद्रजीत सरोज की उपस्थिति में कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसी पार्टी है, जो सभी जातियों, धर्मों और मजहबों के लोगों को साथ लेकर चलती है। पार्टी हमेशा वंचितों, शोषितों, पिछड़ों और दलितों के अधिकारों तथा सम्मान के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि आज दलित समाज तेजी से समाजवादी विचारधारा से जुड़ रहा है और आगामी राजनीतिक बदलाव में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

सोनिया वर्मा ने ऊँचाहार के राजनीतिक घटनाक्रम पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां के विधायक ने समाजवादी पार्टी के साथ विश्वासघात कर भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्होंने कहा कि लगातार तीन बार समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक चुने जाने के पीछे पार्टी के कार्यकर्ताओं और जनता का भरोसा था। ऐसे में पार्टी छोड़कर भाजपा में जाना जनता के जनादेश और समाजवादी कार्यकर्ताओं के विश्वास का अपमान है।

उन्होंने दावा किया कि इस बार ऊँचाहार की जनता इसका जवाब चुनाव में देगी और सपा से विश्वासघात करने वाले विधायक की जमानत जब्त कराने का काम करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पीडीए की आवाज को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने तथा अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button