क्या आपको भी पसंद हैं रूह कंपा देने वाली मिस्ट्री फिल्में, ‘काली खेती’ देखने जाने से पहले जरूर जान लें ये बातें

Kaali Kheti Movie Review: हॉरर फिल्मों में आम तौर पर चीख-पुकार और पुराने फॉर्मूले वाले डरावने मोड़ हावी रहते हैं, लेकिन बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली नई फिल्म ‘काली खेती’ इस शैली को एक नए और अनूठे अंदाज में पेश करती है। महज 1 घंटा 49 मिनट की यह फिल्म डर को सिर्फ डरावने चेहरों तक सीमित नहीं रखती, बल्कि कहानी में गहरे रहस्य और मनोवैज्ञानिक उलझनों को इस तरह पिरोती है कि दर्शक आखिरी सीन तक अपनी सीट से बंधे रहते हैं।
फिल्म का ताना-बाना ग्रामीण पृष्ठभूमि में बुना गया है, जहां रोहित (शरद केलकर), उसकी पत्नी राधा (नेहा सरगम) और बेटे राजू (स्पंदन) के जीवन में अजीबोगरीब घटनाएं घटनी शुरू होती हैं। रोहित अपने बुजुर्ग पिता किशन (जैकी श्रॉफ) को गांव बुलाता है, लेकिन गांव की दहलीज पर कदम रखते ही किशन को आसपास असामान्य और बेचैन करने वाली चीजें महसूस होने लगती हैं। रोहित लगातार किसी ‘नई खेती’ का जिक्र करता है, मगर इस खेती के पीछे कौन सा काला सच छिपा है और उसका इस परिवार से क्या खौफनाक नाता है, यही सस्पेंस कहानी को आगे बढ़ाता है। निर्देशक ने हर मोड़ पर नए सवाल खड़े किए हैं, जिससे रोमांच लगातार बना रहता है।
परफॉर्मेंस की बात करें तो जैकी श्रॉफ इस पूरी फिल्म की सबसे मजबूत रीढ़ साबित हुए हैं। एक लाचार, संवेदनशील और डरे हुए पिता के किरदार में उनका सहज और सधा हुआ अभिनय दिल छू लेता है। वहीं शरद केलकर ने अपने गंभीर और संतुलित अंदाज से किरदार में जान फूंक दी है। नेहा सरगम ने राधा के रूप में बेहतरीन साथ दिया है, जबकि दिग्गज अभिनेता वीरेंद्र सक्सेना, शाजी चौधरी और बाल कलाकार स्पंदन ने भी अपनी भूमिकाओं के साथ पूरा न्याय किया है।
मंजू देवी की छुट्टी, अब चलेगा भूषण का सिक्का! ‘पंचायत सीजन 5’ में सचिव जी पर टूटेगा नया आफत का पहाड़
महज 25 साल की उम्र में अपनी पहली ही फिल्म से निर्देशन, पटकथा और संवाद की कमान संभालने वाले युवा फिल्ममेकर हारिस इम्तियाज खान ने अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। उनका आत्मविश्वास स्क्रीन पर साफ झलकता है, जहां वह सस्पेंस और सन्नाटे के जरिए डर का माहौल तैयार करने में कामयाब रहे हैं। गांव का रहस्यमयी विजुअल ट्रीटमेंट और सिहरन पैदा करने वाला बैकग्राउंड स्कोर कहानी के असर को दोगुना कर देता है। हालांकि, बीच के कुछ हिस्सों में अगर एडिटिंग थोड़ी और चुस्त होती, तो फिल्म की रफ्तार और बेहतर हो सकती थी। कुल मिलाकर 3.5 स्टार की रेटिंग वाली ‘काली खेती’ लीक से हटकर सस्पेंस-हॉरर पसंद करने वाले सिनेप्रेमियों के लिए थिएटर्स में देखने लायक एक बेहतरीन विकल्प है।



