‘2027 में 300 पार करेगी सपा’: किसने किया ये बड़ा दावा, बोले- योगी सरकार से जनता का भरोसा खत्म

उत्तर प्रदेश में गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ ही सूबे का सियासी तापमान अचानक चढ़ गया है। साल 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी राजनीतिक पार्टियों के बीच बयानबाजी का दौर तेज हो चुका है। इसी कड़ी में अयोध्या (फैजाबाद) लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने गुरुवार को एक बेहद आक्रामक और बड़ा सियासी दावा ठोक दिया है। सपा सांसद ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश की जनता का मौजूदा योगी आदित्यनाथ सरकार से पूरी तरह मोहभंग हो चुका है और 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ऐतिहासिक जनादेश के साथ 300 से अधिक सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों ने मौजूदा सरकार से अपनी सारी उम्मीदें खो दी हैं। अब सत्ताधारी दल चाहे जो भी जतन कर ले, जनता का भरोसा वापस नहीं जीत पाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह 2024 के लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश ने भाजपा को करारा झटका दिया था, ठीक उसी तरह 2027 के रण में जनता ऐसी अंतिम विदाई देगी कि वे कभी सत्ता में वापस नहीं आ सकेंगे। वहीं सपा के दिग्गज नेता आजम खान की जमानत पर रिहाई को लेकर पूछे गए सवाल पर अवधेश प्रसाद ने उनकी रिहाई का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए राज्य का हर वर्ग अखिलेश यादव के नेतृत्व और समाजवादी पार्टी की नीतियों पर अटूट विश्वास जता रहा है।
उत्तर प्रदेश में चुनावी बिसात सजने लगी है, जहां एक ओर भारतीय जनता पार्टी जीत की हैट्रिक लगाकर अपनी सत्ता बरकरार रखने की रणनीति पर काम कर रही है, वहीं समाजवादी पार्टी पांच साल के अंतराल के बाद लखनऊ की गद्दी पर काबिज होने के लिए पूरा जोर लगा रही है। अगर 2022 के पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 403 सीटों में से भाजपा गठबंधन ने 273 सीटों पर कब्जा जमाकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। इनमें अकेले भाजपा ने 255 सीटें, अपना दल (सोनेलाल) ने 12 सीटें और निषाद पार्टी ने 6 सीटें जीती थीं।
बाबा बागेश्वर के नाम पर अखिलेश और राजा भैया में आर-पार, कुंडा की सियासी रार तेज
वहीं अखिलेश यादव के नेतृत्व वाले सपा गठबंधन को कुल 125 सीटें हासिल हुई थीं, जिसमें समाजवादी पार्टी ने 111 सीटें जीतकर मुख्य विपक्षी दल की भूमिका हासिल की थी, जबकि उसके तत्कालीन सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (RLD) को 8 और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) को 6 सीटों पर विजय मिली थी। इसके विपरीत बहुजन समाज पार्टी (BSP) का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था और पार्टी महज एक सीट पर सिमट गई थी, जबकि कांग्रेस को 2 और राजा भैया की जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को 2 सीटों से संतोष करना पड़ा था। अब अवधेश प्रसाद के इस ताजा दावे ने सूबे के चुनावी माहौल में नई सरगर्मी पैदा कर दी है।



