डिवाइडर में गैप से बढ़ा जान को खतरा

जान जोखिम में डालकर निकल रहे बाइक सवार

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध कट बंद करने के लिए स्टील की रेलिंग लगाए जाने के बाद भी कुछ स्थानों पर डिवाइडर के बीच लाइट के पोल लगाने के लिए छोड़े गए गैप लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। इन गैप से बाइक सवार जान जोखिम में डालकर दूसरी ओर जाने के लिए खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। बाइक सवार ऊंची डिवाइडरनुमा किनारी पर चढ़कर दूसरी तरफ हाईवे पर निकल जाते हैं।

हैरानी की बात यह है कि डिवाइडर और उसके आसपास लगे पेड़ों के कारण सामने से आने वाले वाहनों को देख पाना भी मुश्किल होता है। इसके बावजूद युवा अपनी जान की परवाह किए बिना इन अस्थाई रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कुछ स्थानों पर ट्रैक्टर और ऑटो भी इन गैप से निकलते दिखाई देते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के बीच कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर सर्दियों में घना कोहरा छाने के दौरान इन स्थानों से निकलना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। स्थानीय लोगों ने इन गैप को सुरक्षित तरीके से बंद कराने और हाईवे पर निगरानी बढ़ाने की जरूरत बताई है।

Related Articles

Back to top button