बाबा बागेश्वर के नाम पर अखिलेश और राजा भैया में आर-पार, कुंडा की सियासी रार तेज

Raghuraj Pratap Singh Political News: ‘कौन हैं राजा भैया?’, ‘इस बार कुंडा की कुंडी बंद कर दो’, और सीधा ‘माफिया’ कह देना… समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के मुखिया रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के बीच की जुबानी जंग अब उत्तर प्रदेश की सियासत में नया मोड़ ले चुकी है। दोनों कद्दावर नेताओं के बीच दशकों पुरानी खटास अब खुले टकराव में बदल चुकी है और इस ताजा तकरार के केंद्र में हैं बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री। कुंडा में आयोजित भव्य राम कथा के लिए राजा भैया ने धीरेंद्र शास्त्री को निमंत्रण दिया है, जिसे लेकर अखिलेश यादव लगातार तीखे तेवर अपनाए हुए हैं और यूपी में उनके कार्यक्रमों पर रोक लगाने तक की पैरवी कर रहे हैं।
सपा सुप्रीमो ने सोशल मीडिया के जरिए बिना नाम लिए आयोजकों और स्थानीय प्रशासन को नसीहत देते हुए लिखा था कि कथावाचक तो कथा करके निकल जाएंगे, लेकिन आयोजकों को यहीं रहना है। अखिलेश की इस परोक्ष चेतावनी के बावजूद आयोजन की तैयारियां थमी नहीं, बल्कि इसके ठीक उलट सपा खेमे को तब बड़ा सियासी असहजता झेलनी पड़ी जब प्रयागराज से कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह अचानक राजा भैया से मुलाकात करने कुंडा पहुंच गए। आगामी यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर जहां एक तरफ सपा और कांग्रेस के गठबंधन की जमीन तैयार की जा रही है, वहीं सहयोगी दल के सांसद का राजा भैया की चौखट पर जाना सीधे तौर पर अखिलेश के सियासी दबाव को कमजोर करता दिखाई देता है।
सियासत में रिश्तों के बनने-बिगड़ने का लंबा इतिहास रहा है और यह बात इन दोनों नेताओं पर पूरी तरह लागू होती है। एक दौर था जब राजा भैया को सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का सबसे भरोसेमंद सिपहसालार माना जाता था। साल 2012 में जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बने, तब भी राजा भैया को कैबिनेट मंत्री का ओहदा दिया गया था। हालांकि कुंडा के तत्कालीन सीओ जियाउल हक हत्याकांड में नाम घसीटे जाने के बाद उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा था, जिसमें बाद में सीबीआई ने उन्हें पूरी तरह क्लीन चिट दे दी थी।
दोनों नेताओं के संबंधों में असली दरार करीब आठ साल पहले हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान पड़ी थी। उस वक्त उत्तर प्रदेश की दस सीटों पर चुनाव के दौरान भाजपा को रोकने के लिए सपा और बसपा ने अपने दशकों पुराने गिले-शिकवे भुलाकर हाथ मिलाया था। मायावती के शासनकाल में पोटा (POTA) कानून के तहत जेल भेजे जाने का कड़वा दंश झेल चुके राजा भैया के लिए बसपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करना कतई मुमकिन नहीं था। उन्होंने अखिलेश के सामने अपनी स्पष्ट स्थिति रखी, लेकिन बसपा का साथ देने से साफ इनकार कर दिया। नतीजतन बसपा प्रत्याशी चुनाव हार गया और यहीं से अखिलेश यादव तथा राजा भैया के बीच वह सियासी खाई खुद गई जो वक्त के साथ केवल चौड़ी होती चली गई।
ओवैसी-चंद्रशेखर की जुगलबंदी के बीच अखिलेश का बड़ा दांव: राकेश टिकैत से मिले सपा प्रमुख, PDA में जोड़ा ‘अन्नदाता’
चुनावी रणनीतिकारों का मानना है कि चुनाव के मुहाने पर खड़े राज्य में विरोधियों की सूची को छोटा करना समझदारी मानी जाती है, लेकिन सपा अध्यक्ष लगातार अपने पुराने सहयोगियों और असरदार क्षत्रपों से दूरियां बढ़ा रहे हैं। कुंडा से लेकर पूर्वांचल तक फैले इस सियासी टकराव का असर आने वाले विधानसभा चुनाव के नतीजों और समीकरणों पर किस रूप में सामने आएगा, इस पर पूरे सूबे की निगाहें टिकी हुई हैं।



