सवारियों से भरा ऑटो गहरी खाई में पलटा

दस फीट गहरी खाई में ऑटो के पलटते ही सवारियों में मची चीख पुकार

भरथना कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत भरथना-बिधूना मार्ग पर सोमवार की सुबह गांव गुरैयावरहो के समीप तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब दस फीट गहरी खाई में पलट गया। हादसे में ऑटो सवार महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, इटावा के महेरा चुंगी निवासी 38 वर्षीय राधा पत्नी रमेश चंद्र औरैया जिले के कुदरकोट स्थित अपनी रिश्तेदारी में आयोजित अखंड रामायण पाठ में शामिल होने गई थीं। सोमवार सुबह कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह ऑटो से वापस अपने घर इटावा लौट रही थीं।साथ ही औरैया जिले के वैवाह क्षेत्र के बरुआ निवासी 65 वर्षीय उदयवीर पुत्र दीनदयाल अपनी भाभी मिथलेश के साथ वैवाह से फूटा कुआं मुहारी जाने के लिए उसी ऑटो में सवार होकर वापस आ रहे थे।

सुबह करीब सात बजे गुरैयावरहो गांव के समीप तेज रफ्तार ऑटो अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक ऑटो पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क से नीचे करीब दस फीट गहरी खाई में जा पलटा। अचानक हुए हादसे से ऑटो में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद शुरू की।

इसी बीच वहां से गुजर रहे कुशगवां अहिरान निवासी नीरज यादव ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भरथना लाया गया। यहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। राधा देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button