बाल दिवस के मौके पर बच्चों को मिली स्मार्ट टीवी , स्मार्ट पढ़ाई संस्था ने दी सौगात
बाल दिवस पर ग्रामीण शिक्षा को मिली अनोखी सौगात, स्मार्ट पढ़ाई की पहल से बस्तिया के सरकारी विद्यालय में चमका 75 इंच का स्मार्ट टीवी

लखनऊ। बाल दिवस के खास अवसर पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में स्मार्ट पढ़ाई संस्था द्वारा एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल की गई। स्मार्ट पढ़ाई की संस्थापक ऋचा पांडेय ने जिले के गोसाईगंज विकासखंड स्थित ग्राम बस्तिया के सरकारी विद्यालय को डिजिटल शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 75 इंच का स्मार्ट टीवी पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किया है। बाल दिवस पर की गई यह पहल ग्रामीण शिक्षा में डिजिटल बदलाव और तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक प्रयास है।
आधुनिक तकनीक से आसान होगी शिक्षा
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इस परियोजना के अंतर्गत कक्षा 6, 7 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए एससीईआरटी पाठ्यक्रम पर आधारित अध्यायवार शैक्षणिक वीडियो, पीपीटी प्रस्तुतियां, माइंड मैप और इंटरैक्टिव क्विज के माध्यम से शिक्षण को अधिक रोचक, सरल एवं प्रभावी बनाने की योजना तैयार की गई है।
दो सरकारी विद्यालयों में पहले भी सफल रहे हैं पायलट कार्यक्रम
स्मार्ट पढ़ाई द्वारा इससे पहले उत्तर प्रदेश के दो सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा के पायलट कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए जा चुके हैं। अब तक संस्था की तरफ से उन्नाव जिले के औरास ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय टिकरा सामद व लखनऊ जिले के गोसाईगंज ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय, शिवलर में डिजिटल कक्षाओं का संचालन कर विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षण से जोड़ने का प्रयास किया गया था, और इन्हीं पायलट कार्यक्रमों से प्राप्त अनुभवों के आधार पर अब ग्राम बस्तिया में एक व्यवस्थित डिजिटल शिक्षा प्रोटोटाइप विकसित किया जा रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एआई एवं शिक्षक प्रशिक्षण से भी जुड़ी हैं ऋचा पांडेय
संस्थापक ऋचा पांडेय वर्तमान में एक विदेशी कंपनी में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही वह यूएआई एवं जीसीसी क्षेत्र में शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग एवं प्रशिक्षण से जोड़ने वाली एक संस्था से भी जुड़ी हुई हैं। वह शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए एआई जागरूकता, डिजिटल शिक्षा और कम्युनिकेशन स्किल्स से संबंधित कार्यशालाएं भी आयोजित करती हैं।
अपनी इस पहल के बारे में बात करते हुए ऋचा पांडेय ने कहा, “मेरा उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी आधुनिक डिजिटल शिक्षण के समान अवसर उपलब्ध कराना है। बाल दिवस पर 75 इंच का स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराने की पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्मार्ट पढ़ाई के माध्यम से हम पारंपरिक शिक्षण को डिजिटल तकनीक के साथ जोड़कर शिक्षा को अधिक प्रभावी एवं विद्यार्थियों के लिए रुचिकर बनाना चाहते हैं।



