कई सड़क हादसों में 13 घायल: कई सैफई रेफर
दो कारों की सीधी भिड़ंत,बाइक फिसली, अज्ञात वाहनों की टक्कर से हुए हादसे,हाईवे पर ऑटो भी पलटा

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात से गुरुवार शाम तक अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में 13 लोग घायल हो गए। हादसों में कहीं दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत हुई तो कहीं बाइक फिसलने और अज्ञात वाहनों की टक्कर से लोग घायल हुए। वहीं, हाईवे पर ऑटो पलटने से भी एक युवक चोटिल हो गया। सभी घायलों को एंबुलेंस और अन्य साधनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कई लोगों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बुधवार रात कचौरा नहर पुल की ओर से आ रही एक्सयूवी और झबरापुरा गांव से दिल्ली जा रही स्विफ्ट डिजायर कार की भोगनीपुर गंगनहर पुल के पास कचौरा घाट रोड पर आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में डिजायर सवार शिवम पुत्र शिवनारायण सिंह निवासी सदरपुर, थाना नसीरपुर, फिरोजाबाद और आशीष पुत्र आदेश कुमार घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया।
मलाजनी के पास बाइक फिसलने से 44 वर्षीय चंद्रप्रभा पत्नी विनोद निवासी बहामई, मक्खनपुर, फिरोजाबाद और 42 वर्षीय प्रमोद पुत्र खेमचंद निवासी नगला आम, टूंडला घायल हो गए। वहीं, हाईवे पर बाइक फिसलने से नगला इन्छा निवासी 25 वर्षीय सूरज पुत्र धर्मपाल भी चोटिल हो गए।
मॉडल तहसील के सामने सर्विस रोड पर नगला तौर निवासी 30 वर्षीय शालिनी पत्नी शत्रुघ्न सिंह अपने बच्चे के साथ बाइक से जा रही थीं। बच्चे को गिरने से बचाने के प्रयास में बाइक सड़क पर पड़ी गिट्टी पर फिसल गई। हादसे में मां-बेटा घायल हो गए। इस दौरान शालिनी की नाक की बाली और अंगूठी भी गिरकर गायब हो गई।
ग्राम भावलपुर के पास कटरा बिल्लोचियान निवासी 23 वर्षीय मेहताब पुत्र इकराम दुर्घटना में घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर किया गया। छिमारा रोड पर नगला रामसुंदर निवासी 25 वर्षीय शिखा देवी पत्नी दिलीप सिंह को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
इसी तरह जोनई के पास सीमा क्षेत्र में नगला दुली परियर, थाना नगला खंगर, फिरोजाबाद निवासी 38 वर्षीय जसवंत सिंह पुत्र होम सिंह और मनोना, करहल, मैनपुरी निवासी 40 वर्षीय अमित पुत्र खेलन सिंह भी सड़क हादसे में घायल हो गए। दोनों को सीएचसी से सैफई रेफर किया गया।
उधर, राजमार्ग पर मीठेपुर के पास इटावा बॉर्डर पर ऑटो पलटने से फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव भाऊपुर निवासी 34 वर्षीय लक्ष्मण सिंह पुत्र दिनेश कुमार घायल हो गए। एक अन्य हादसे में मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया जैन निवासी 38 वर्षीय पूनम चौहान अपने पति 42 वर्षीय पंकज चौहान के साथ बाइक से जा रही थीं। मीठेपुर के पास नवनिर्मित फ्लाईओवर ब्रिज के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दंपती घायल हो गए। दोनों को एनएचएआई की एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



