नौ माह के मासूम की हत्या का आरोपी पिता गिरफ्तार, शक के चलते दबाया था बेटे का गला
पत्नी के चरित्र पर करता था शक, बच्चे को लेकर पहले भी हुआ था विवाद; पुलिस ने श्मशान घाट टी-पॉइंट के पास से दबोचा

गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र में नौ माह के मासूम बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अभिषेक ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक के चलते अपने ही नौ माह के बेटे माधव उर्फ मैक्स की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को बयाना से डासना जाने वाले रास्ते पर स्थित श्मशान घाट टी-पॉइंट के पास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को बच्चे की मां ने थाना वेव सिटी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति अभिषेक ने उनके नौ माह के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। उसे संदेह था कि बच्चा किसी अन्य व्यक्ति से पैदा हुआ है। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ समय पहले हुए विवाद के दौरान उसने बच्चे को जमीन पर पटक दिया था, जिससे उसे चोट आई थी। इसके बाद भी वह बच्चे को लेकर पत्नी से नाराज रहता था।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर की सुबह पत्नी काम पर गई हुई थी और बच्चा कमरे में बिस्तर पर खेल रहा था। इसी दौरान बच्चे के रोने पर आरोपी को गुस्सा आ गया और उसने उसका गला दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई। पत्नी के घर लौटने पर आरोपी ने बच्चे के सोने की बात कहकर उसे गुमराह किया। बाद में बच्चे के शरीर पर गर्दन के निशान देखकर मां को शक हुआ। परिजनों के कहने पर शव को गांव के श्मशान घाट में दफना दिया गया था। बाद में मायके पक्ष के पहुंचने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक पुत्र देवेंद्र, निवासी ग्राम बयाना, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ वेव सिटी थाने में हत्या का एक मुकदमा दर्ज है। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम थाना वेव सिटी पुलिस की रही।



