मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना से पशुपालक सतवीर सिंह को मिला संबल

साहीवाल और थारपारकर जैसी स्वदेशी नस्लों का कर रहे पालन, दूध उत्पादन से चला रहे आजीविका

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा पशुपालकों को प्रोत्साहित करने तथा स्वदेशी गोवंश की नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संचालित योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही हैं। सरकारी योजनाओं से पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनने और पशुपालन व्यवसाय को लाभकारी बनाने में मदद मिल रही है।

इसका उदाहरण जनपद गाजियाबाद के पशुपालक सतवीर सिंह हैं, जो पिछले कई वर्षों से पशुपालन के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में उनके पास एक भैंस और सात गाय हैं। वह साहीवाल और थारपारकर जैसी उन्नत स्वदेशी नस्लों का पालन कर दूध उत्पादन एवं बिक्री के माध्यम से अपनी आजीविका चला रहे हैं।

मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना के लाभार्थी सतवीर सिंह पशुओं की देखभाल और सुरक्षा को लेकर भी जागरूक हैं। वह पशुओं के कान में टैग लगवाने, समय पर टीकाकरण कराने तथा पशु चिकित्सालय के संपर्क में रहने का विशेष ध्यान रखते हैं। इसके साथ ही पशुधन बीमा योजना के महत्व को समझते हुए अपने पशुओं को संभावित आर्थिक जोखिमों से सुरक्षित रखने के प्रति सजग हैं।

सतवीर सिंह ने प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पशुपालन विभाग की योजनाओं से पशुपालकों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और सुरक्षित एवं लाभकारी बनाने का अवसर मिल रहा है।

सतवीर सिंह की सफलता अन्य पशुपालकों के लिए प्रेरणादायक है। पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों से अपील की गई है कि वे विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं तथा स्वदेशी गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button