राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का हुआ भव्य आयोजन

सुल्तानपुर। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, नई दिल्ली तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, सुल्तानपुर में बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया।

इस वर्ष प्रदर्शनी का मुख्य विषय सतत् एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार निर्धारित किया गया था। छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सोच विकसित करने के उद्देश्य से कुल 07 उप-विषयों पर आधारित इस प्रतियोगिता में विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के 41 सीनियर और जूनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने अपने शानदार नवाचार युक्त मॉडल प्रदर्शित किए।

कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह द्वारा रिबन काटकर और मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन और मधुलिका सिंह ने सरस्वती वंदना गाकर कार्यक्रम की गरिमामयी शुरुआत करवाई। विशिष्ट अतिथि के रूप में सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटा शंकर यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्रों द्वारा बनाए गए सभी विज्ञान मॉडलों का सूक्ष्म अवलोकन किया और बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। अपने संबोधन में जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण व शहरी अंचल के बच्चों में छिपी वैज्ञानिक क्षमता को सही मंच मिलता है, जो उन्हें भविष्य में देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।

प्रदर्शनी में आए मॉडलों के निष्पक्ष और सटीक मूल्यांकन के लिए राणा प्रताप पीजी कॉलेज, सुल्तानपुर के डॉ शिशिर कुमार श्रीवास्तव, डॉ प्रीति प्रकाश, डॉ गोरखनाथ, डॉ विपिन शर्मा, विपिन सिंह एवं श्रीमती श्रेया सिंह को शामिल करते हुए एक निर्णायक मंडल का गठन किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी का सफल आयोजन प्रमुख रूप से भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता डॉ अम्बरीश सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ।

मंच का कुशल संचालन राकेश कुमार सिंह और सुरजीत ने किया। कार्यक्रम के अंत में सीनियर और जूनियर वर्ग में उत्कृष्ट और प्रेरणादायी प्रदर्शन करने वाले बाल वैज्ञानिकों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य महेश कुमार सिंह ने कार्यक्रम में आए हुए समस्त प्रतिभागी बच्चों, मार्गदर्शक शिक्षकों, विद्यालय स्टाफ और मुख्य अतिथियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे|

Related Articles

Back to top button