फखरे-गजल गोई’ में इटावा के शायर को मिला स्थान
अंतरराष्ट्रीय गजल संकलन में शिक्षक रियाज इटावी की गजलें शामिल:जनपद का बढ़ाया गौरव

जसवंतनगर,इटावा। जनपद के शायर रियाज इटावी जो यहां क्षेत्र के एक विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं उनकी गजलों का अंतरराष्ट्रीय साझा संकलन ‘फखरे-गजल गोई’ में प्रकाशित होना जनपद इटावा के साहित्य जगत के लिए गर्व की बात है। नागपुर, महाराष्ट्र के अल्फाज प्रकाशन द्वारा प्रकाशित इस उर्दू संकलन में रियाज इटावी की गजलों को शामिल किया गया है। इस उपलब्धि से जनपद के साहित्यकारों और शायरों में खुशी का माहौल है।
‘फखरे-गजल गोई’ में भारत सहित दुबई,अमेरिका, बेल्जियम,जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया,पाकिस्तान और नेपाल समेत आठ देशों के चयनित शायरों की गजलों को स्थान दिया गया है। पुस्तक का संचयन एवं संपादन भारत के प्रसिद्ध शायर अज़हर बख्श ‘अज़हर नागपुरी’ ने किया है। विभिन्न देशों के शायरों की रचनाओं से सजा यह संकलन गजल की साहित्यिक परंपरा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उर्दू अदब की लोकप्रियता को दर्शाता है।
इस उपलब्धि पर वरिष्ठ साहित्यकार अनुराग मिश्र ‘असफल’ ने रियाज इटावी की गजलों की सराहना करते हुए उन्हें अपनी लेखनी को और ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रेरित किया। शायर यासीन अंसारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय साझा संकलन में रियाज इटावी की गजलों का प्रकाशित होना बेहद प्रसन्नता की बात है। उनके माध्यम से इटावा जनपद को साहित्यिक क्षेत्र में प्रतिनिधित्व मिला है,जो पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है।
शिक्षक व शायर रौनक इटावी ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि किसी अंतरराष्ट्रीय संकलन में रचनाओं का प्रकाशित होना कवियों और शायरों के लिए सम्मान एवं उपलब्धि की बात है। इससे साहित्यकारों का उत्साह बढ़ता है और उन्हें अपनी रचनात्मक प्रतिभा को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर रामजनम सिंह भदौरिया, रजनीश त्रिपाठी,शिक्षक तारिक मंसूरी,मौलाना मोहम्मद इकबाल, आरिफ सिद्दीकी,नूर और आमिर हुसैन‘आमिर’ सहित अन्य कवियों एवं शायरों ने पुस्तक की सराहना की। सभी ने रियाज इटावी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की।



