बेटी की शादी के लिए रखा सोना बरामद, एसीपी जियाउद्दीन अहमद को किया सम्मानित

गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र के राधाकुंज में भारतीय जनता पार्टी के नंदग्राम मंडल उपाध्यक्ष संदीप त्यागी के घर से चोरी हुए सोने के आभूषण बरामद होने के बाद मंडल के पदाधिकारियों ने सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद को सम्मानित किया। संदीप त्यागी और पदाधिकारियों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा राष्ट्रीय प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और पुलिस दल का आभार जताया।

जानकारी के अनुसार, चार अक्टूबर को संदीप त्यागी के घर श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान अलमारी में रखे सोने के आभूषण चोरी हो गए थे। ये आभूषण उनकी बेटी की शादी के लिए रखे गए थे। मामले में सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद के हस्तक्षेप के बाद जाँच तेज हुई। पुलिस ने आरोपित को हरियाणा के बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर सिहानी चुंगी स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पीछे मिट्टी में दबाए गए चोरी के आभूषण बरामद किए गए।

मामले का खुलासा होने और आभूषणों की बरामदगी के बाद भारतीय जनता पार्टी के नंदग्राम मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी के हस्तक्षेप और जाँच दल की सक्रियता से पीड़ित परिवार को राहत मिली है। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जाँच दल के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button